शादी नहीं चली तो क्या हुआ, जिंदगी तो है! तलाक के बाद महिला ने अनोखे अंदाज में मनाया जश्न

आमतौर पर शादी टूटने या तलाक की खबर सामने आने पर लोग इसे जिंदगी का मुश्किल दौर मानते हैं. खासकर महिलाओं को तलाक के बाद समाज के कई सवालों और तानों का सामना करना पड़ता है. लेकिन साउथ कोरिया की एक महिला ने इस सोच से अलग हटकर कुछ ऐसा किया, जिसकी चर्चा अब सोशल मीडिया पर हो रही है. उन्होंने अपनी शादी खत्म होने को दुख की तरह देखने के बजाय इसे जिंदगी की नई शुरुआत के तौर पर सेलिब्रेट किया. इतना ही नहीं, इस खास मौके पर उन्होंने अपने दोस्तों के लिए एक शानदार पार्टी भी रखी.
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, साउथ कोरिया की रहने वाली 37 साल की चो सेउंग-योन एक सिंगल मदर और कंटेंट क्रिएटर हैं. उन्होंने अपनी शादी खत्म होने के बाद तलाक सेरेमनी आयोजित की, जिसमें उनके करीबी दोस्त शामिल हुए. चो का कहना था कि वह तलाकशुदा महिलाओं को लेकर समाज में बनी पुरानी सोच को चुनौती देना चाहती हैं. साथ ही वह यह भी दिखाना चाहती हैं कि किसी शादी का खत्म होना किसी महिला की जिंदगी या उसकी पहचान का अंत नहीं होता.
शादी से बेहतर रही तलाक की पार्टी!
चो के लिए यह पार्टी सिर्फ तलाक का जश्न मनाने का जरिया नहीं थी, बल्कि खुद को दोबारा पहचानने और अपनी जिंदगी की कमान अपने हाथों में लेने का एक तरीका भी थी. वह शादी के रिश्ते से बाहर निकलकर अपनी अलग पहचान बनाना चाहती हैं. उनका मानना है कि शादी खत्म होने के बाद भी इंसान के पास खुश रहने, आगे बढ़ने और अपनी पसंद से जिंदगी जीने के कई मौके होते हैं.
चमचमाती ड्रेस में पहुंचीं, दोस्तों के साथ काटा केक चो ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस खास मौके का एक वीडियो भी शेयर किया है. वीडियो में वह चमचमाती ड्रेस पहने नजर आ रही हैं. उनके आसपास करीबी दोस्त मौजूद हैं, जो तालियां बजाकर और शोर मचाकर उनका हौसला बढ़ाते दिखाई देते हैं.
वीडियो में चो दोस्तों के साथ पोज देती हैं और फिर एक बड़ा सा केक काटती हैं. इस दौरान वह सभी के सामने एक स्पीच भी देती हैं. वीडियो पर लिखा टेक्स्ट लोगों का खास ध्यान खींच रहा है. इसमें लिखा है कि जब आपकी तलाक सेरेमनी आपकी शादी से भी ज्यादा शानदार हो.
इस एक लाइन ने सोशल मीडिया पर लोगों की दिलचस्पी और बढ़ा दी. दरअसल, चो यह दिखाना चाहती हैं कि जिंदगी में किसी रिश्ते का खत्म होना हमेशा दुख और निराशा की वजह नहीं होना चाहिए. कई बार मुश्किल फैसले लेने के बाद इंसान पहले से ज्यादा खुश और आजाद महसूस कर सकता है. दोस्तों के सपोर्ट के लिए कहा शुक्रिया इस वीडियो को शेयर करते हुए चो ने अपने दोस्तों के लिए खास मैसेज भी लिखा. उन्होंने कहा kf उन सभी लोगों का शुक्रिया, जिन्होंने मेरी मदद की. मैं आप सभी से प्यार करती हूं.
यह भी पढ़ें: दुबई में बनेगा सोने का रास्ता, 24 कैरेट गोल्ड वॉकवे की तैयारी, जानिए क्या है पूरा प्लान
उनकी पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी जमकर प्यार बरसाया. कई लोगों ने उनके इस कदम की तारीफ की और जिंदगी की नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं. कुछ यूजर्स ने कहा कि तलाक के बाद इस तरह खुशी मनाना एक अच्छा विचार है. वहीं, कई लोगों ने उनकी हिम्मत की सराहना की कि उन्होंने समाज की परवाह किए बिना अपनी खुशी को प्रायोरिटी दी.
यहां देखिए वीडियो
Instagram पर यह पोस्ट देखें




