इंडियन एयर फोर्स में ऑफिसर बनने का मौका, AFCAT 2027 का नोटिफिकेशन जारी

इंडियन एयर फोर्स ने AFCAT 01/2027 भर्ती परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती के जरिए फ्लाइंग ब्रांच और ग्राउंड ड्यूटी की टेक्निकल व नॉन-टेक्निकल ब्रांच में कमीशन अधिकारियों का सेलेक्शन किया जाएगा. एलिजिबल उम्मीदवार 12 नवंबर 2026 से आधिकारिक वेबसाइट afcat.cdac.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. आवेदन की लास्ट डेट 11 दिसंबर 2026 तय की गई है. चयनित उम्मीदवारों को ट्रेनिंग के दौरान हर महीने 56,100 रुपये स्टाइपेंड मिलेगा. आइए जानते हैं भर्ती से जुड़ी जरूरी जानकारी.
भारतीय वायु सेना की इस भर्ती के तहत फ्लाइंग ब्रांच और ग्राउंड ड्यूटी की टेक्निकल व नॉन-टेक्निकल ब्रांच में अधिकारियों का चयन किया जाएगा. इसके अलावा एनसीसी स्पेशल एंट्री और GATE स्कोर एंट्री के माध्यम से भी उम्मीदवारों को अवसर मिलेगा. ट्रेनिंग जनवरी 2028 में एयर फोर्स एकेडमी, डुंडीगल में शुरू होने की जानकारी दी गई है.
आवेदन की जरूरी तारीखें और फीस
AFCAT 01/2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 12 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे शुरू होगी. इच्छुक उम्मीदवार 11 दिसंबर 2026 की रात 11:30 बजे तक फॉर्म भर सकेंगे. AFCAT एंट्री के लिए 550 रुपये एग्जाम फीस और लागू GST देना होगा. वहीं, NCC स्पेशल एंट्री और GATE स्कोर एंट्री के उम्मीदवारों को एग्जाम फीस से छूट दी गई है.
कितनी होनी चाहिए उम्र?
फ्लाइंग ब्रांच के लिए उम्मीदवार की उम्र 20 से 24 वर्ष होनी चाहिए. इसके लिए जन्मतिथि 2 जनवरी 2004 से 1 जनवरी 2008 के बीच होनी चाहिए. वैलिड कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) रखने वाले उम्मीदवारों को अधिकतम 26 वर्ष तक की एज लिमिट का लाभ मिल सकता है. ग्राउंड ड्यूटी ब्रांच के लिए एज लिमिट 20 से 26 वर्ष है. इसके लिए जन्मतिथि 2 जनवरी 2002 से 1 जनवरी 2008 के बीच होनी चाहिए. आयु की गिनती 1 जनवरी 2028 के आधार पर होगी.
एजुकेशनल क्वालिफिकेशन
एजुकेशनल क्वालिफिकेशन की बात करें तो फ्लाइंग और ग्राउंड ड्यूटी नॉन-टेक्निकल ब्रांच के लिए कम से कम 60 प्रतिशत नंबरों के साथ ग्रेजुएशन जरूरी है. फ्लाइंग ब्रांच के लिए 12वीं में फिजिक्स और मैथ्स पढ़ना भी अनिवार्य है. टेक्निकल ब्रांच के लिए संबंधित विषय में चार वर्षीय BE/BTech डिग्री होनी चाहिए.
कैसे होगा चयन?
चयन प्रक्रिया में सबसे पहले कंप्यूटर बेस्ड लिखित परीक्षा होगी. इसमें जनरल अवेयरनेस, वर्बल एबिलिटी, न्यूमेरिकल एबिलिटी और रीजनिंग से सवाल पूछे जाएंगे. परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को एयर फोर्स सिलेक्शन बोर्ड (AFSB) के पांच दिवसीय चयन चरण में शामिल होना होगा. इसमें इंटरव्यू, साइकोलॉजिकल टेस्ट और मेडिकल जांच की जाएगी.
ट्रेनिंग के दौरान कितनी मिलेगी सैलरी?
चयनित उम्मीदवारों को ट्रेनिंग के दौरान हर महीने 56,100 रुपये का फिक्स्ड स्टाइपेंड दिया जाएगा. कमीशन मिलने के बाद पे-मैट्रिक्स लेवल-10 के तहत शुरुआती वेतन 56,100 रुपये से लेकर 1,77,500 रुपये प्रतिमाह तक हो सकता है. इसके अलावा नियमानुसार अन्य सरकारी सुविधाएं भी मिलेंगी.




