Box Office Estimate: क्या ओपनिंग डे पर 200 करोड़ कमा पाएगी रणबीर कपूर की रामायण, अब तक 4 फिल्में कर चुकी हैं ये कमाल

Ramayana Opening Day Estimate: जिस फिल्म का फैंस को बेसब्री से इंतजार था वो सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है. दुनियाभर में 5 नवंबर 2026 को रामायण फिल्म की ग्रैंड रिलीज हो गई है. इस फिल्म से फैंस को काफी उम्मीदें हैं. पिछली बार प्रभास की आदिपुरुष लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई थी और फिल्म को काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी. लेकिन जैसा रिस्पॉन्स इस फिल्म को एडवांस बुकिंग में मिला है उससे अब तक तो सबकुछ पॉजिटिव नजर आ रहा है. हालांकि कुछ चीजों की आलोचना भी हो रही है. लेकिन फिल्म को एक गुड सिनमैटिक एक्सपीरियंस माना जा रहा है.
एडवांस बुकिंग में तो फिल्म का जलवा देखने को मिला है. लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या ये फिल्म दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस में पहले दिन 200 करोड़ कमा पाएगी. ऐसा अब तक भारतीय सिनेमा की सिर्फ 4 फिल्मों के साथ ही देखने को मिला है. आइए जानते हैं कि इस फिल्म की कमाई को लेकर शुरुआती रुझान क्या कह रहे हैं.
पहले दिन दुनियाभर में कितना कमाएगी रामायण?
रिपोर्ट्स की मानें तो ओपनिंग डे पर रामायण फिल्म का हिंदी वर्जन 50 करोड़ से 70 करोड़ तक कमा सकता है. सैकनिल्क की मानें तो फिल्म ने सुबह के शोज से 4 करोड़ रुपये पहले ही कमा लिए हैं. भारत में नेट कलेक्शन के मामले में 75 करोड़ से 100 करोड़ तक कमा सकती है. वहीं इसका ग्रॉस कलेक्शन 100 करोड़ से ऊपर जाना तय है. वहीं दूसरी तरफ फिल्म एडवांस बुकिंग से 50 करोड़ के आसपास पहले ही कमा चुकी है. ऐसे में ओपनिंग डे पर ये फिल्म रिपोर्ट्स के मुताबिक दुनियाभर में 200 करोड़ तक कमा सकती है. विदेश में इसे बड़े पैमाने पर रिलीज किया जा रहा है. ऐसे में इस फिल्म का ओवरसीज कलेक्शन और भी मायने रखता है. दुनियाभर में ये फिल्म 250 करोड़ तक भी अगर पहले दिन चली जाए तो इसमें कोई ताज्जुब नहीं होगा.
ये भी पढ़ें- आ गई रामायण की फाइनल एडवांस बुकिंग, रिलीज से पहले रणबीर कपूर की फिल्म के कितने टिकट बिके?
200 करोड़ कमाने वाली 5वीं फिल्म बन सकती है रामायण
रणबीर कपूर की रामायण फिल्म 200 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन करने वाली भारतीय सिनेमा की पांचवी फिल्म बन सकती है. अब तक 4 फिल्में सिनेमाघरों में ये कमाल कर के दिखा चुकी हैं. अब तक के इतिहास में पहले दिन सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली फिल्म पुष्पा पार्ट 2 है. इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर दुनियाभर में 275 करोड़ से 295 करोड़ रुपये तक कमाई की थी. वहीं दूसरी तरफ आर आर आर फिल्म का कलेक्शन 223.50 करोड़ रुपये का था. 2017 में आई बाहुबली 2 फिल्म 214.50 करोड़ रुपये दुनियाभर में पहले दिन कमाने में सफल रही थी. वहीं 2026 में आई रणवीर सिंह की धुरंधर 2 फिल्म ने पहले दिन रिपोर्ट्स के मुताबिक 205.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था.




