मनोरंजन

रणबीर कपूर की हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्म बनी ‘रामायण’, 7 दिनों में कमाए 935 करोड़, पर नहीं टूटा ये रिकॉर्ड

Ramayana Biggest Records: रणबीर कपूर की ‘रामायण: पार्ट 1’ को रिलीज़ हुए एक हफ्ता हो गया है. 5 नवंबर को दुनियाभर में बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाली इस फिल्म ने पहले हफ्ते में शानदार कमाई की है. दिवाली से पहले के बॉक्स ऑफिस नंबर्स के आधार पर फिल्म को लेकर जो निगेटिव कयास लगाए जा रहे थे, दिवाली के बाद वो तमाम निगेटिव कयास फुस्स पटाखा साबित हुए हैं. इस फिल्म ने पहले सात दिनों में ही वर्ल्डवाइड 935 करोड़ रुपये की छप्परफाड़ कमाई कर ली है और इसके साथ ही इसने पहले सात दिनों के कलेक्शन के मामले में बाहुबली 2 और केजीएफ 2 जैसी ऑलटाइम ब्लॉकबस्टर फिल्मों को चारों खाने चित कर दिया है. इसके साथ ही ये फिल्म 7 दिनों में ही रणबीर कपूर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बन गई है.

‘रामायण: पार्ट 1‘ पिछले बुधवार को सिनेमाघरों में आई थी और इस बुधवार इस फिल्म ने 900 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया. पर इतनी बंपर कमाई के बाद भी नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ये फिल्म पहले 7 दिनों के कलेक्शन के मामले में आदित्य धर के निर्देशन में बनी और रणवीर सिंह की मल्टीस्टारर धुरंधर 2 और अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 से पीछे रह गई है. यानी पहले 7 दिनों के कलेक्शन के मामले में अब ‘रामायण: पार्ट 1’ देश की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म के तौर पर उभरी है.

7 दिनों में किसने कितना कमाया?

  • पहला नंबर- पुष्पा 2: द रूल (2024) – 1012 करोड़ रुपये
  • दूसरा नंबर- धुरंधर 2: द रिवेंज (2026)- 1006.50 करोड़ रुपये
  • तीसरा नंबर: ‘रामायण: पार्ट 1’ (2026)- 935 करोड़ रुपये

रणबीर की हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्म बनी ‘रामायण: पार्ट 1’

‘रामायण’ रणबीर कपूर के करियर के लिए बेहद अहम फिल्म साबित हो रही है. इससे पहले रणबीर कपूर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म साल 2023 में आई ‘एनिमल’ थी, जिसने दुनियाभर में 915 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. संजू और ब्रह्मास्त्र जैसी फिल्में भी उनकी टॉप कलेक्शन वाली फिल्मों में शामिल हैं. पर रामायण ने सिर्फ 7 दिनों में ही इन सभी फिल्मों को धूल चटा दी. एनिमल ने करीब 56 दिनों में बॉक्स ऑफिस पर 900 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया था, जबकि रामायण ने यही कारनामा सिर्फ 7 दिनों में कर दिखाया है.

रणबीर की टॉप 5 हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्म

  • पहला नंबर- रामायण (2026) – 935 करोड़ (7 दिन)
  • दूसरा नंबर- एनिमल (2023) – 915 करोड़
  • तीसरा नंबर- संजू (2018) – 588.50 करोड़
  • चौथा नंबर- ब्रह्मास्त्र पार्ट 1 (2022) – 431 करोड़
  • पांचवां नंबर- ये जवानी है दीवानी (2013)- 318.00 करोड़

1000 करोड़ क्लब में रणबीर की पहली फिल्म

रणबीर कपूर की अब तक किसी भी फिल्म ने हज़ार करोड़ क्लब में एंट्री नहीं की है. हालांकि उम्मीद है रामायण ये कारनामा 8वें दिन कर लेगी. इसे 1000 करोड़ कमाने के लिए 8वें दिन 65 करोड़ रुपये का कलेक्शन और करना है. ऐसा करते ही ये फिल्म सबसे तेज़ 1000 करोड़ रुपये का कलेक्शन करने के मामले में भारती की तीसरी फिल्म बन जाएगी. यहां भी पुष्पा 2 पहले और धुरंधर 2 दूसरे नंबर पर है.

Related Articles

Back to top button