मनोरंजन

‘मातृभूमि’ की रिलीज से पहले सलमान खान का बड़ा सरप्राइज, पूरी टीम को गिफ्ट की लाखों की लग्जरी वॉच?

Maatrubhumi: बड़े पर्दे पर सलमान खान की दमदार वापसी का फैन्स बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. उनकी मच-अवेटेड फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जा रहा है. लंबे वक्त से यह फिल्म किसी न किसी वजह से अटकी हुई थी. ऐसे में अब इसकी रिलीज को लेकर खुद सलमान खान भी काफी एक्साइटेड हैं. इसी खुशी के बीच भाईजान ने अपनी फिल्म की टीम को शानदार गिफ्ट दिया है.जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है.

सलमान खान हमेशा अपनी दरियादिली दिखाने के लिए जाने जाते हैं. 12 नवंबर को फिल्म का ट्रेलर लॉन्च हुआ. जिसके दो दिन बाद सलमान ने ‘मातृभूमि’ की पूरी टीम के लिए अपने पनवेल फार्महाउस पर एक खास गेट-टुगेदर रखा. टीम के लोगों को पहले यह बताया गया था कि यह मीटिंग फिल्म के प्रमोशन की प्लानिंग के लिए है. लेकिन जब सब वहां पहुंचे, तो कोई मीटिंग नहीं थी. बल्कि एक सरप्राइज पार्टी और महंगे गिफ्ट उनका इंतजार कर रहे थे.

सलमान ने पूरी टीम को दिया सरप्राइज

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान ने मातृभूमि की कास्ट और क्रू के करीब 20 से 25 लोगों को गिफ्ट दिए हैं. जिसमें महंगी स्विस की लग्जरी वॉच हैं. इन घड़ियों की कीमत 2 लाख रुपये से लेकर 6 लाख रुपये तक बताई जा रही है. भाईजान ने लड़कों और महिलाओं के लिए अलग-अलग ब्रांड्स चुने थे. जहां टीम के मेल मेंबर्स को लॉन्गिंस और टैग ह्यूर की घड़ियां दी गईं. जबकि महिला सदस्यों को राडो की घड़ियां गिफ्ट में मिलीं.

इस खास मौके पर डायरेक्टर अपूर्व लाखिया, एक्ट्रेस चित्रांगदा सिंह, अंकुर भाटिया और राइटर चिंतन शाह समेत पूरी टीम वहां मौजूद थी. बताते चलें कि इस फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था, जिसे बाद में बदलकर ‘मातृभूमि’ कर दिया गया. वीएफएक्स के काम और चित्रांगदा सिंह की चोट के कारण फिल्म की रिलीज डेट कई बार टली. हालांकि, अब फिल्म पूरी तरह तैयार है और सेंसर बोर्ड ने भी इसे बिना किसी कट के पास कर दिया है. 4 दिसंबर को रिलीज होने जा रही इस वॉर ड्रामा का सबको इंतजार है.

Related Articles

Back to top button