12वीं पास स्टूडेंट्स के लिए मौका, DU के मिरांडा हाउस में शुरू हुए 15 स्किल बेस्ड सर्टिफिकेट कोर्स

डिजिटल और क्रिएटिव इंडस्ट्री में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले स्टूडेंट्स के लिए अच्छी खबर है. दिल्ली यूनिवर्सिटी के मिरांडा हाउस ने राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) और इरोस एआईविद्या के साथ मिलकर 15 नए प्रोफेशनल सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए हैं. इन कोर्सों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), फिल्म निर्माण, एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स (VFX), म्यूजिक प्रोडक्शन और वर्चुअल रियलिटी जैसे विषय शामिल हैं. इन कोर्स की अवधि छह महीने होगी.
खास बात यह है कि कोर्स पूरा करने वाले छात्रों को संयुक्त प्रमाणपत्र मिलेगा. इसके अलावा, 15 मेधावी छात्रों को अपना बिजनेस शुरू करने के लिए सहायता भी दी जाएगी.
15 तरह के स्किल बेस्ड कोर्स शुरू
मिरांडा हाउस की ओर से शुरू किए गए इन 15 सर्टिफिकेट कोर्स का उद्देश्य स्टूडेंट्स को तेजी से बदलते डिजिटल और क्रिएटिव सेक्टर के लिए तैयार करना है. इन कोर्सों में छात्रों को किताबी पढ़ाई के साथ प्रैक्टिकल ट्रेनिंग भी दी जाएगी. कोर्स की लिस्ट में AI फिल्म निर्माण, इन्फ्लुएंसर और क्रिएटर बिजनेस, अवतार और डिजिटल ह्यूमन क्रिएशन, एनीमेशन, वीडियो ब्लॉगिंग, AR/VR प्रोडक्शन, विजुअल इफेक्ट्स (VFX), स्क्रीनप्ले राइटिंग, एक्टिंग, म्यूजिक प्रोडक्शन, म्यूजिक कंपोजिशन और डायरेक्शन शामिल हैं. इसके अलावा, छात्रों को साउंड एडिटिंग, वीडियो एडिटिंग और आर्ट डायरेक्शन की ट्रेनिंग भी मिलेगी. इन सभी कोर्स का प्रमाणपत्र NSDC और इरोस एआईविद्या की ओर से संयुक्त रूप से दिया जाएगा.
15 स्टूडेंट्स को बिजनेस शुरू करने में मिलेगी मदद
इस पहल की खास बात यह है कि इसमें केवल कोर्स और सर्टिफिकेट तक ही अवसर सीमित नहीं रहेंगे. कोर्स के दौरान शानदार प्रदर्शन करने वाले 15 मेधावी छात्रों को अपना बिजनेस शुरू करने के लिए सहायता दी जाएगी. इसका उद्देश्य छात्रों को एंटरप्रेन्योरशिप के लिए प्रोत्साहित करना और उनके क्रिएटिव आइडिया को बिजनेस में बदलने का अवसर देना है.
कौन कर सकता है आवेदन, कितनी होगी फीस?
इन कोर्सों में दिल्ली यूनिवर्सिटी में वर्तमान में पढ़ाई कर रहे स्टूडेंट आवेदन कर सकेंगे. इसके लिए उम्मीदवार के पास 12वीं पास का वैध प्रमाणपत्र या मार्कशीट होना जरूरी है. प्रवेश पूरी तरह मेरिट के आधार पर दिया जाएगा. ये कोर्स छात्र और छात्राओं दोनों के लिए उपलब्ध होंगे. सभी कोर्स की अवधि छह महीने निर्धारित की गई है. वहीं, कोर्स के अनुसार इनकी सांकेतिक फीस 50,000 रुपये से लेकर 1.5 लाख रुपये तक रखी गई है.
डिजिटल और क्रिएटिव इंडस्ट्री में करियर बनाने का मौका
यह पहल देश में एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (AVGC) सेक्टर को बढ़ावा देने की दिशा में भी जरूरी है. केंद्रीय बजट 2026-27 में 15,000 माध्यमिक स्कूलों और 500 कॉलेजों में AVGC कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित करने के लिए भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान (IICT) को सहायता देने की घोषणा की गई है. मिरांडा हाउस की प्रिंसिपल डॉ. बिजयालक्ष्मी नंदा के अनुसार, इस सहयोग से पारंपरिक शिक्षा और डिजिटल इंडस्ट्री की जरूरतों के बीच की दूरी कम होगी. वहीं, इरोस एआईविद्या के CEO प्रशांत पंडित ने कहा कि इन कोर्स के जरिए स्टूडेंट प्रोजेक्ट तैयार करने और अपने स्किल को व्यावहारिक रूप से इस्तेमाल करने में सक्षम होंगे.




