अगस्त 2027 में आएगी राजामौली की 1300 करोड़ी ‘वाराणसी’? कई फिल्मों का बिगड़ेगा खेल, महेश बाबू से भिड़ेंगे कार्तिक आर्यन!

Varanasi Release Date: निर्देशक एसएस राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ का उनके चाहने वाले लंबे वक्त से इंतजार कर रहे हैं. मेकर्स ने काफी पहले ही बता दिया था कि ये फिल्म 7 अप्रैल 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में आएगी. पर लगता है कि फिल्म अपने तय वक्त पर सिनेमाघरों में रिलीज़ नहीं हो सकेगी. पता चला है कि मेकर्स फिल्म में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते हैं. जल्दी में किसी काम को अंजाम देने की बजाय मेकर्स इसे पोस्टपोन करना बेहतर समझ रहे हैं. ऐसे में अब मेकर्स की निगाह अगस्त में स्वतंत्रता दिवस पर है, पर अगर ये फिल्म स्वंतत्रता दिवस के विंडो में आती है तो कई और फिल्मों के लिए मुश्किल खड़ी होना तय है.
लेटेस्ट रिपोर्ट की मानें तो एसएस राजामौली की ‘वाराणसी‘ में सीजीआई का काम अभी भी अधूरा है. राजामौली फिल्म की विजुअल क्वालिटी से समझौता करने को तैयार नहीं हैं. यही वजह है कि अब मेकर्स इसे अगले साल 15 अगस्त के आस-पास रिलीज़ करने की सोच रहे हैं.
क्यों हो रही फिल्म में देरी?
इससे पहले सैकनिल्क ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि ‘वाराणसी’ को राजामौली 2D, 3D, IMAX समेत करीब 18 थिएट्रिकल फॉर्मेट में रिलीज़ करने की तैयारी कर रहे हैं. इतने ज्यादा फॉर्मेट के लिए फिल्म को तैयार करना अलग लेवल की चुनौती है और इसमें काफी टाइम लगता है. फिल्म की शूटिंग तो 15 नवंबर को ही पूरी हो गई थी. टीम ने खुद आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टी भी की थी. ये भी बताया गया था कि सीजीआई का काम और री-रिकॉर्डिंग अभी भी जारी है. इसके अलावा डबिंग अब तक शुरू नहीं की गई है. ऐसे में जो काम अब बाकी है, उसे पूरा करने में कितना समय लगेगा, इसी पर रिलीज़ की तारीख भी निर्भर करेगी.
स्वतंत्रता दिवस पर किसका गेम बिगाड़ेगी ‘वाराणसी’?
स्वतंत्रता दिवस 2027 को आने में अभी करीब 9 महीने का वक्त है. फिलहाल तो ‘वाराणसी’ के मेकर्स ने भी 15 अगस्त के विंडो में फिल्म को लाने का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है. पर ये फिल्म अगर 15 अगस्त के आस पास रिलीज़ हुई तो साउथ के साथ-साथ बॉलीवुड की फिल्मों का भी गेम बिड़ना तय है. कारण खुद राजामौली हैं. राजामौली उन निर्देशकों में से हैं, जिनकी फिल्म उन्हीं के नाम से चल जाती हैं. बाहुबली 1 ओर 2 के बाद आरआरआर की सक्सेस ने ये साबित किया है. ‘वाराणसी’ का बजट 1300 करोड़ रुपये के आस पास है. इसमें महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे कलाकार भी हैं. कोई वजह नहीं कि कोई अन्य फिल्म इससे टक्कर लेना चाहे.
कार्तिक आर्यन के लिए खतरे की घंटी?
फिलहाल 15 अगस्त 2027 के मौके पर कार्तिक आर्यन की फिल्म आ रही है. नाम है ‘कैप्टन इंडिया’. मेकर्स ने काफी पहले ऐलान किया था कि उनकी ये फिल्म 13 अगस्त 2027 को रिलीज़ होगी. और भी कई फिल्ममेकर अपनी फिल्मों को 15 अगस्त के आस-पास रिलीज़ करने की प्लानिंग कर रहे होंगे. अगर राजामौली 15 अगस्त के विंडो पर कब्ज़ा करते हैं, तो सबके लिए मुसीबत होने वाली है.




