‘रामायण’ में ‘युवा रावण’ बना ये स्टार किड! जानिए कौन हैं नमित मल्होत्रा के बेटे आर्टन, जिन्होंने छोटे से रोल में छोड़ी छाप

Who is Namit Malhotra Son Ayrton: नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी भव्य फिल्म ‘रामायण’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. रणबीर कपूर और यश जैसे दिग्गज सितारों से सजी इस 4000 करोड़ी महागाथा में कई ऐसे चेहरे भी हैं, जिन्होंने अपने छोटे लेकिन बेहद प्रभावशाली किरदार से दर्शकों का ध्यान खींचा है. फिल्म की शुरुआत में ही ‘युवा दशानन’ (युवा रावण) के रूप में नजर आ रहे कलाकार को लेकर काफी चर्चा हो रही है.
आपको बता दें कि युवा रावण का ये किरदार किसी और ने नहीं, बल्कि फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा के बेटे आर्टन मल्होत्रा ने निभाया है.
इस सीन से होती है शुरुआत
‘रामायण’ की शुरुआत त्रेतायुग के उस दौर से होती है जब देव-दानव युद्ध के बाद असुर पराभूत होकर पाताल लोक चले जाते हैं. ऋषि विश्रवा और कैकसी की संतानों में कुंभकर्ण और शूर्पणखा में योद्धा वाले गुण नजर नहीं आते, जबकि विभीषण अपने पिता ऋषि विश्रवा के शांत और ज्ञानी स्वभाव पर जाते हैं. ऐसे में मां कैकसी को केवल अपने बेटे दशानन से ही उम्मीदें होती हैं. दशानन में ऋषि के ज्ञान और कला प्रेम के साथ-साथ असुरों का बल और पराक्रम भी होता है.
फिल्म के एक अहम सीन में युवा दशानन वीणा बजाते हुए संगीत की साधना में लीन दिखाई देते हैं. तभी उनकी मां उन्हें रोकते हुए समझाती हैं कि उन्हें केवल कला और संगीत तक सीमित नहीं रहना है. मां उनसे कहती हैं कि असुरों के हक, उनके सम्मान की रक्षा और अपमान का बदला लेने के लिए उन्हें भगवान विष्णु को पराजित करना होगा. मां के इन वचनों को सुनकर दशानन पाताल लोक छोड़कर सीधे हिमालय की ओर निकल पड़ते हैं और भगवान ब्रह्मा की कठोर तपस्या शुरू करते हैं. फिल्म का यह सीन बेहद दिलचस्प और अहम है, जो रावण के चरित्र के उदय की नींव रखता है.
नमित मल्होत्रा के बेटे कौन हैं?
कौन हैं आर्टन मल्होत्रा?
आर्टन मल्होत्रा, ऑस्कर विजेता VFX कंपनी DNEG के प्रमुख और ‘रामायण’ के निर्माता नमित मल्होत्रा के बेटे हैं. इस बड़े प्रोजेक्ट से अपने अभिनय की शुरुआत करने वाले आर्टन की कास्टिंग के पीछे एक बेहद दिलचस्प वजह रही है. आर्टन की शारीरिक बनावट (फिजीक) और कद-काठी सुपरस्टार यश से काफी हद तक मेल खाती है. फिल्म में रावण का मुख्य किरदार निभा रहे यश के युवा रूप को दर्शाने के लिए मेकर्स को एक ऐसे चेहरे की तलाश थी जो बॉडी लैंग्वेज में यश से मिलता-जुलता हो. ऐसे में आर्टन इस भूमिका के लिए बिल्कुल सटीक साबित हुए.
Instagram-এ এই পোস্টটি দেখুন
छोटे से किरदार में छोड़ी छाप
फिल्म ‘रामायण’ में भले ही आर्टन मल्होत्रा का स्क्रीन टाइम कुछ ही मिनटों का है, लेकिन उन्होंने जिस गंभीरता से युवा दशानन का किरदार निभाया है, उसकी खूब सराहना हो रही है. एक तरफ संगीत प्रेमी राजकुमार की सौम्यता और दूसरी तरफ मां के आदेश पर तपस्वी बनने का संकल्प, दोनों भावों को आर्टन ने पर्दे पर बखूबी उतारा है. भारतीय सिनेमा के इतने बड़े ऐतिहासिक प्रोजेक्ट से डेब्यू करने वाले आर्टन मल्होत्रा ने अपनी पहली ही उपस्थिति से दर्शकों और समीक्षकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.




