शिक्षा

AI के बेसिक कोर्स कौन से हैं, इन्हें करने के लिए कितनी पढ़ाई जरूरी?

आज के समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल एजुकेशन, बैंकिंग, मीडिया, बिजनेस और टेक्नोलॉजी जैसे कई क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है. AI की मदद से कई काम कम समय में पूरे किए जा सकते हैं. यही वजह है कि स्टूडेंट्स और नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के बीच AI से जुड़े कोर्स की मांग बढ़ रही है. अच्छी बात यह है कि AI सीखने के लिए हर किसी का इंजीनियरिंग या कंप्यूटर साइंस का स्टूडेंट होना जरूरी नहीं है. शुरुआती स्तर के कई कोर्स ऐसे हैं, जिन्हें 10वीं, 12वीं पास और ग्रेजुएशन कर रहे युवा भी अपनी जरूरत के अनुसार कर सकते हैं.

AI के कौन-कौन से बेसिक कोर्स कर सकते हैं?

AI सीखने की शुरुआत करने के लिए कई ऑनलाइन कोर्स उपलब्ध हैं. इनमें कुछ प्रमुख विकल्प शामिल हैं.

  • YUVA AI for ALL: यह भारत सरकार की मुफ्त पहल है. इसमें AI की बुनियादी जानकारी, इसके उपयोग और जिम्मेदारी से AI इस्तेमाल करने के तरीके सिखाए जाते हैं. कोर्स की अवधि लगभग 4.5 घंटे है.
  • Google AI Essentials: इस कोर्स में AI टूल्स का इस्तेमाल, बेहतर प्रॉम्प्ट लिखना और रोजमर्रा के कामों में AI की मदद लेना सिखाया जाता है. इसके लिए पहले से टेक्निकल नॉलेज जरूरी नहीं है.
  • Fundamentals of Artificial Intelligence: SWAYAM Plus पर उपलब्ध इस कोर्स में AI की कार्यप्रणाली, मशीन लर्निंग और अलग-अलग क्षेत्रों में AI के उपयोग की जानकारी मिलती है.
  • Microsoft Unlocking AI for Everyone: शुरुआती लोगों के लिए इस कोर्स में AI, मशीन लर्निंग और जनरेटिव AI की बुनियादी जानकारी दी जाती है. यह Skill India Digital Hub पर मुफ्त उपलब्ध है.

AI कोर्स करने के लिए कितनी पढ़ाई जरूरी?

AI के बेसिक कोर्स करने के लिए किसी खास डिग्री की अनिवार्यता नहीं होती. 10वीं या 12वीं पास स्टूडेंट भी शुरुआती कोर्स से AI सीखना शुरू कर सकते हैं. कई ऑनलाइन प्रोग्राम में किसी टेक्निकल एक्सपीरियंस की जरूरत नहीं होती.

हालांकि, अगर आप AI इंजीनियर, मशीन लर्निंग इंजीनियर या डेटा साइंटिस्ट बनना चाहते हैं तो कंप्यूटर साइंस, मैथ्स, प्रोग्रामिंग और सांख्यिकी की जानकारी फायदेमंद होती है. इन क्षेत्रों में करियर के लिए संबंधित डिग्री या एडवांस ट्रेनिंग की जरूरत पड़ सकती है.

AI कोर्स करने के बाद क्या फायदे होंगे?

AI की बुनियादी जानकारी से स्टूडेंट्स को प्रोजेक्ट बनाने, कंटेंट तैयार करने, रिसर्च करने और डेटा समझने में मदद मिल सकती है. वहीं, नौकरी करने वाले लोग अपने काम को ज्यादा प्रभावी बना सकते हैं. हालांकि, केवल एक बेसिक सर्टिफिकेट से नौकरी मिलने की गारंटी नहीं होती. इसके लिए प्रैक्टिकल स्किल और एक्सपीरियंस भी जरूरी हैं.

कहां से करें आवेदन?

इच्छुक स्टूडेंट सरकारी प्लेटफॉर्म Skill India Digital Hub, SWAYAM Plus और Google AI Skills पर उपलब्ध कोर्स देख सकते हैं. आवेदन करने से पहले कोर्स की फीस, अवधि, भाषा और सर्टिफिकेट से जुड़ी जानकारी जरूर चेक कर लें.

Related Articles

Back to top button