मनोरंजन

‘ये क्या सवाल है?’, पसंदीदा ‘प्रेम’ पर आयुष्मान खुराना का रिएक्शन, सलमान पर बड़ी बात कह दी

Yeh Prem Mol Liya: बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर सूरज बड़जात्या अपनी नई पारिवारिक रोमांटिक फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के साथ दर्शकों का दिल जीतने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. इस फिल्म में एक्टर आयुष्मान खुराना राजश्री प्रोडक्शंस के आइकॉनिक किरदार ‘प्रेम’ की विरासत को आगे बढ़ाते नजर आएंगे. 18 नवंबर को मुंबई में फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन हुआ. इस दौरान जब आयुष्मान से पूछा गया कि राजश्री की फिल्मों में अब तक का उनका सबसे पसंदीदा ‘प्रेम’ कौन है, तब उन्होंने तुरंत सलमान खान का नाम लिया.

दरअसल, सवाल सुनते ही आयुष्मान खुराना ने मुस्कुराते हुए सबसे पहले कहा, “ये क्या सवाल है?” इसके बाद उन्होंने बिना एक पल गंवाए सुपरस्टार सलमान खान का नाम लिया, जिन्होंने 1989 में सूरज बड़जात्या की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ से बतौर लीड हीरो ‘प्रेम’ बनकर डेब्यू और दर्शकों के दिलों पर राज किया था. उसके बाद उन्होंने और भी कई फिल्मों में ‘प्रेम’ की भूमिका निभाई. आयुष्मान ने कहा, “सलमान भाई से बेहतर कोई हो ही नहीं सकता. वो ओजी प्रेम (असली और सबसे पहले प्रेम) हैं. हम सभी उन्हें ही ‘प्रेम’ के रूप में अपना आदर्श मानते हैं. उनका लॉन्च भी ‘प्रेम’ से ही हुआ था, तो प्रेम से बोलो जय माता दी!”

प्रेम बनना बहुत बड़ी जिम्मेदारी है

सलमान खान की तारीफ करने के साथ ही आयुष्मान ने इस प्रतिष्ठित किरदार को निभाने के पीछे की गंभीरता और संवेदनशीलता पर भी बात की. उन्होंने बताया कि पर्दे पर ‘प्रेम’ बनना सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है.

आयुष्मान ने कहा, “मुझे लगता है कि ‘प्रेम’ बनना बहुत बड़ी जिम्मेदारी है. आपको अपनी बातों पर खरा उतरना पड़ता है. आपको सच में ये समझना पड़ता है कि एक परफेक्ट इंसान कैसा हो सकता है, जो संवेदनशील हो, दयालु हो और इमोशनल रूप से अपनों के लिए उपलब्ध हो, मुझे लगता है कि वही असली ‘प्रेम’ है. आज दुनिया में प्रेम की कमी है. और उसी प्रेम को लेकर आ रही है ‘ये प्रेम मोल लिया’.”

ये भी पढ़ें-

2 साल से नहीं नहाए, भाई ने भी किया किनारा, हेमा चौधरी ने बताई शरद कपूर की हालत

खत्म हुआ इंतजार! 3 दिसंबर को लौटेंगे सचिव जी, प्रधानपति बनराकस बदलेगा फुलेरा की तस्वीर?

सूरज बड़जात्या ने की आयुष्मान की मेहनत की तारीफ

आयुष्मान के इस दिल छू लेने वाले जवाब के बाद निर्देशक सूरज बड़जात्या ने भी अपने नए ‘प्रेम’ की जमकर सराहना की. सूरज बड़जात्या ने बताया कि आयुष्मान ने इस किरदार में ढलने के लिए बहुत मेहनत की है. उन्होंने साफ किया कि फिल्म में आयुष्मान का ये ‘प्रेम’ पहले वाले ‘प्रेम’ के किरदारों से काफी अलग है और इसे आज के दौर के हिसाब से इस तरह गढ़ा गया है कि दर्शकों को बेहद पसंद आएगा. हाल ही में CBFC से U/A 13+ सर्टिफिकेट पाने वाली ये फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है.

Related Articles

Back to top button