मनोरंजन

Manish Malhotra Diwali Party में हाथ थामे पहुंचे ऐश्वर्या-अभिषेक, क्यूट बॉन्डिंग से जीता फैंस का दिल

बॉलीवुड में दिवाली का जश्न पूरे शबाब पर है और दिग्गज फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की दिवाली पार्टी में इस सीजन का सबसे बड़ा और ग्लैमरस सेलिब्रेशन देखने को मिला. 5 नवंबर की रात मुंबई में मनीष मल्होत्रा के घर सितारों का मेला लगा, जहां इंडस्ट्री के तमाम ए-लिस्टर्स अपने बेहतरीन ट्रेडिशनल अवतार में पहुंचे. लेकिन इस सितारा-जड़ित शाम की असली महफिल उस वक्त लूट ली गई जब बॉलीवुड का आइकॉनिक कपल ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन हाथ थामे रेड कारपेट पर उतरा.

पिछले कुछ समय से चल रही तरह-तरह की चर्चाओं और अफवाहों के बीच जब ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन ने एक-दूसरे का हाथ थामकर मनीष मल्होत्रा के घर में एंट्री ली, तो वहां मौजूद हर किसी की नजरें उन्हीं पर टिक गईं. बेटी आराध्या बच्चन के बिना पहुंचे इस कपल की केमिस्ट्री और बॉन्डिंग ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वे बॉलीवुड के सबसे ग्रेसफुल कपल्स में से एक क्यों हैं. दोनों ने मुस्कुराते हुए पैपराजी के सामने ढेरों पोज़ दिए और पूरी महफिल अपने नाम कर ली.

लाल जरी साड़ी में ऐश्वर्या का ‘अप्सरा’ अवतार

इस ख़ास मौके पर ऐश्वर्या राय बच्चन ने अपनी सादगी और शाही अंदाज से हर किसी को अपना दीवाना बना लिया. ऐश्वर्या ने लाल रंग की बेहद खूबसूरत ज़री बॉर्डर वाली साड़ी पहनी थी, जिसका सीक्विन पल्लू उनके लुक में चार चांद लगा रहा था. सिग्नेचर रेड लिपस्टिक, रॉयल नेकलेस और खुले बालों के साथ ऐश्वर्या ने इस एथनिक लुक को बड़ी ही नज़ाकत से कैरी किया.वहीं उनके साथ हैंडसम डैपर अवतार में पहुंचे अभिषेक बच्चन भी बेहद क्लासी नजर आ रहे थे. ऐश्वर्या की खूबसूरती का यह आलम था कि पैपराजी के साथ-साथ खुद अभिषेक भी अपनी बेगम से नजरें नहीं हटा पा रहे थे.

‘कजरा रे 2.0’ पर अभिषेक का मजेदार जवाब

ऐश्वर्या और अभिषेक ने 2010 में आई फिल्म ‘रावण’ के बाद से साथ में कोई नई फिल्म नहीं की है. हाल ही में बीबीसी एशियन नेटवर्क को दिए एक इंटरव्यू में जब अभिषेक बच्चन से उनकी सुपरहिट फिल्म ‘बंटी और बबली’ के ब्लॉकबस्टर गाने ‘कजरा रे’ के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने पुराने दिनों की यादें ताजा कीं. अभिषेक ने बताया कि शूटिंग के दौरान उनका जन्मदिन था और डायरेक्टर शाद अली ने चार घंटे के लिए सेट पर सिर्फ पार्टी का माहौल बना दिया था. जब उनसे ‘कजरा रे 2.0’ बनाने की संभावना पर सवाल किया गया, तो अभिषेक ने हंसते हुए कहा, “मैं तो इसके लिए बिल्कुल तैयार हूं! मुझे यह बहुत पसंद आएगा, लेकिन इसके लिए आपको पहले ऐश्वर्या और मेरे पिता (अमिताभ बच्चन) को मनाना होगा.”

ये भी पढ़ें- रामायण ने तोड़ा एनिमल के ओपनिंग डे का रिकॉर्ड, 16 घंटे में रचा इतिहास

वर्कफ्रंट पर क्या कर रहे हैं ऐश्वर्या और अभिषेक?

काम की बात करें तो ऐश्वर्या राय बच्चन को आखिरी बार 2023 में आई मणिरत्नम की फिल्म ‘पोन्नियिन सेल्वन 2’ में देखा गया था. वहीं अभिषेक बच्चन जल्द ही सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही बहुचर्चित एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘किंग’ में नजर आने वाले हैं. इस फिल्म में वे शाहरुख खान और सुहाना खान के साथ मुख्य भूमिका में हैं, जहां अभिषेक एक नेगेटिव (विलेन) किरदार निभाते दिखेंगे. लेकिन फिलहाल, मनीष मल्होत्रा की दिवाली पार्टी से ऐश्वर्या और अभिषेक की इस रॉयल अपीयरेंस की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर तहलका मचा रहे हैं.

Related Articles

Back to top button