Kaali Kheti: खेत खुद निगल रहे जिंदगी जैकी श्रॉफ-शरद केलकर की ‘काली खेती’ में क्या होगा खास? जानिए 5 बड़ी बातें

बॉलीवुड में इन दिनों हॉरर फिल्मों का अंदाज तेजी से बदल रहा है. पुरानी हवेलियों, बंद कमरों और भूतिया बंगलों से निकलकर अब डर की कहानी गांव की मिट्टी, घने खेतों और लोककथाओं के बीच पहुंच गई है. इसी कड़ी में बॉलीवुड के मशहूर एक्टर जैकी श्रॉफ और शरद केलकर की आने वाली साइकोलॉजिकल रूरल हॉरर फिल्म ‘काली खेती’ इन दिनों जबरदस्त चर्चा में है.
हाल ही में फिल्म का ऑफिशियल ट्रेलर सामने आने के बाद से ही दर्शकों के बीच इस बात को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है कि आखिर इस रहस्यमयी खेती के पीछे क्या राज छिपा है और फिल्म में क्या कुछ खास देखने को मिलने वाला है.
जब ‘खेती’ खुद बन जाए जानलेवा शक्ति
काली खेती’ की सबसे बड़ी खासियत इसका अनोखा कॉन्सेप्ट है. आमतौर पर हॉरर फिल्मों में किसी आत्मा या प्रेत का साया दिखाया जाता है, लेकिन यहां मेकर्स ने एक ऐसी दुनिया गढ़ी है जहां ‘खेती’ की अपनी एक अलग और खौफनाक जिंदगी है. फिल्म की टैगलाइन है “द फार्म इस वॉचिंग” (खेत सब देख रहा है) ही इसके रहस्य को बयां करती है. कहानी एक ऐसे दूरदराज गांव और खेतों के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां जमीन के नीचे दबे पुराने राज और अलौकिक शक्तियां गांव वालों और वहां रहने वाले परिवार की जिंदगी पर हावी होने लगती हैं.
जैकी श्रॉफ और शरद केलकर की गंभीर और दमदार जुगलबंदी
इस फिल्म में पहली बार जैकी श्रॉफ और शरद केलकर बाप-बेटे के किरदारों में नजर आने वाले हैं. ट्रेलर की झलकियों में दिखता है कि शरद केलकर गांव की एक कच्ची झोपड़ी और खेतों के बीच रह रहे हैं, जहां हालात बेकाबू होने पर उनके पिता (जैकी श्रॉफ) लौटते हैं. दोनों के बीच,”बाऊजी, शुक्रिया यहां आने के लिए…” और जवाब में जैकी का भारी आवाज में कहना, “इतनी मुश्किल थी तो देर क्यों की, पहले बुला लेना चाहिए था” जैसे फिल्म के डायलॉग दोनों के बीच के रिश्ते का खुलासा करती है.
रोंगटे खड़े कर देने वाले विजुअल्स और साइकोलॉजिकल खौफ
‘काली खेती’ सिर्फ अचानक डराने वाले ‘जंप स्केयर्स’ पर निर्भर नहीं है, बल्कि यह धीरे-धीरे रेंगते हुए मनोवैज्ञानिक डर का अहसास कराती है. ट्रेलर में दिन के उजाले में लहलहाते हरे खेतों और रात के अंधेरे में झोपड़ी की सलाखों के बाहर मंडराते सायों के बीच का अंतर बेहद बेचैन करने वाला है. मिट्टी में दफन होते चेहरों की झलक, काले पड़ते होंठ-जुबान, अंधेरे में रेंगता रहस्यमयी आकृति वाला बच्चा और बेबसी का माहौल दिखाता है कि फिल्म में हॉरर और सस्पेंस का स्तर काफी गहरा होने वाला है.
ये भी पढ़ें- TV9 Recommendation: रामायण का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है? OTT पर हिंदी में मौजूद ये 5 प्योर माइथोलॉजिकल फिल्में भी जरूर देखें
नेहा सरगम और वीरेंद्र सक्सेना जैसे मंझे हुए कलाकारों का तड़का
जैकी श्रॉफ और शरद केलकर के अलावा फिल्म की सपोर्टिंग कास्ट भी इसकी बड़ी ताकत है. एक्टर वीरेंद्र सक्सेना इसमें बेहद डरावने और रहस्यमयी अवतार में नजर आने वाले हैं, जिनकी झलक ही सिहरन पैदा कर देती है. वहीं, नेहा सरगम और शाजी चौधरी भी अहम भूमिकाओं में हैं.
कब और कहां देख पाएंगे ‘काली खेती’?
हारिस इम्तियाज खान के लेखन और निर्देशन में बनी ‘काली खेती’ को सना खान ने प्रोड्यूस किया है. ब्लैककैनवास स्टूडियो के बैनर तले बनी यह फिल्म पीवीआर के जरिए 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है. अगर आप देसी मिट्टी से जुड़ी सस्पेंस और रूरल हॉरर कहानियों के शौकीन हैं, तो यह फिल्म आपके लिए एक अलग सिनेमाई अनुभव साबित हो सकती है.




