सैलरी का आधा हिस्सा मकान मालिक के नाम, बाकी राशन-बिजली में तमाम…मुंबई में जीने की यही है असली कीमत!

मुंबई जैसे सपनों के शहर में रहना हर किसी को आकर्षित करता है, लेकिन यहां के आसमान छूते किराए अच्छे-खासों का बजट बिगाड़ देते हैं. ऐसे में उन लोगों से जलन होना लाजमी है, जिनका इस शहर में अपना खुद का घर है. हाल ही में ‘एट द मोमेंट’ (At The Moment) के क्रिएटिव हेड अंश जैन ने लिंक्डइन पर कुछ ऐसा ही दर्द बयां किया, जिसे पढ़कर हर किराएदार खुद को उससे जोड़ पा रहा है.
अंश ने अपनी पोस्ट में बताया कि कैसे उन्हें अपने उन सहकर्मियों से ईर्ष्या होती है, जिन्हें मुंबई में किराया नहीं देना पड़ता. उन्होंने एक किस्सा शेयर करते हुए लिखा कि हाल ही में उन्होंने अपनी एक पूर्व सहकर्मी की सोशल मीडिया स्टोरी देखी. वह हर छह महीने में किसी न किसी दक्षिण-पूर्व एशियाई देश में छुट्टियां मनाने निकल जाती हैं. उनकी तस्वीरें देखकर अंश के मुंह से अनायास ही निकल गया कि यार, इसके पास तो बहुत पैसा है! इस पर उनकी पत्नी ने एक ही सवाल पूछा कि क्या वो किराया देती है? जवाब ‘ना’ में था. अंश ने मुस्कुराते हुए लिखा कि चलो अच्छा है, मैं तो दुआ करता हूं कि हम सबको कभी किराया न देना पड़े.
किराएदारों का दर्द सुनकर रो पड़ेंगे आप!
अंश का मानना है कि जिन लोगों पर किराए का बोझ नहीं है, उनके पास अपने शौक पूरे करने के लिए काफी पैसा बच जाता है. उन्होंने लिखा कि बराबर सैलरी होने के बावजूद, घर में रहने वाले लोग ऐसी लाइफस्टाइल जीते हैं कि लगता है वे मुझसे दोगुना कमाते हैं. यह सब सिर्फ इसलिए है क्योंकि वे अपने माता-पिता के खरीदे हुए घर में रहते हैं.
अपना एक्सपीरियंस शेयर करते हुए अंश ने बताया कि उन्हें 8,000 रुपये के जूते खरीदने से पहले भी दस बार सोचना पड़ता है. वहीं, बिना किराए वाले लोग बचत करने के बाद भी बिना सोचे-समझे महंगी चीजें खरीद लेते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अकेले रहने वालों की जेब सिर्फ किराए से ही खाली नहीं होती, बल्कि कामवाली बाई, राशन, बिजली, वाई-फाई और घर की मरम्मत जैसे खर्च भी महीने के बजट को निचोड़ लेते हैं. पैसों के साथ-साथ घर संभालने की मानसिक थकान भी कम नहीं होती. क्या खाना बनेगा, कपड़े धोना और खर्चों का हिसाब रखना, यह सब दिमाग खपाने वाले काम हैं.
हालांकि, अंश ने अपनी स्थिति को स्वीकार करते हुए कहा कि यह उनकी अपनी पसंद है. वे चाहते तो अपने होमटाउन वापस जाकर इन सभी सुविधाओं का आनंद ले सकते थे, लेकिन उन्होंने मुंबई में काम करना चुना. बस कभी-कभी समझदारी पर जलन हावी हो जाती है.
यह भी पढ़ें: कंपनी ने तो पलक झपकते ही काट दिया पत्ता, अप्लाई करने के आधे घंटे के अंदर थमा दिया रिजेक्शन लेटर!
अंश की इस पोस्ट पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. एक यूजर ने लिखा कि छोटे शहरों से आने वालों के लिए जीवन कभी आसान नहीं होता, लेकिन ये संघर्ष हमें ज्यादा मजबूत बनाते हैं. एक अन्य यूजर ने चुटकी लेते हुए कहा कि इसी तरह नौकरीपेशा लोगों को बिजनेसमैन से जलना चाहिए, जो ज्यादा कमाकर भी कम टैक्स देते हैं. वहीं, किसी ने इसे न्यूयॉर्क के महंगे किराए से जोड़ा और सलाह दी कि आज के दौर में अगली पीढ़ी के लिए मेट्रो सिटी में एक 1BHK फ्लैट खरीदना ही सबसे बड़ा तोहफा है. दूसरी तरफ, एक यूजर ने हल्के-फुल्के अंदाज में याद दिलाया कि किराए के घर में आजादी भी तो मिलती है देर रात घर आना, दोस्तों को बुलाना और घर की चिकचिक से दूर रहना. आखिरकार, दूर के ढोल सुहावने ही लगते हैं!




