फराह खान का नए एक्टर्स पर तंज, बोलीं- आज के सितारों में कॉन्फिडेंस की कमी

फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान अपनी बेबाक बातों के लिए जानी जाती हैं. वो अपनी सोच को खुलकर लोगों के सामने रखती हैं. हाल ही में फराह ने आज के नए एक्टर्स के काम करने के तरीके पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि आजकल के कलाकार फिल्मों में कोरियोग्राफी से लेकर म्यूजिक और कास्टिंग तक हर चीज में दखल देते हैं. उनके मुताबिक, ऐसा इसलिए होता है क्योंकि आज के एक्टर्स को खुद पर भरोसा नहीं है और वे असुरक्षित महसूस करते हैं.
फराह खान हाल ही में नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो ‘डबल डेट’ में पहुंची थीं. इसी दौरान उन्होंने नए एक्टर्स को लेकर ये बयान दिया है. फिल्ममेकर ने आगे ये भी कहा है कि बॉलीवुड में अब सुपरस्टार्स का दौर खत्म हो चुका है. लेकिन फराह ने ऐसा क्यों कहा है आइए जानते हैं.
नए एक्टर्स पर फराह खान ने उठाए सवाल
आज के कलाकारों की सोच पर बात करते हुए फराह खान ने कहा कि नई पीढ़ी के एक्टर्स को किसी पर भरोसा नहीं है. उन्हें अपने डायरेक्टर पर भी विश्वास नहीं होता. वे गानों की कोरियोग्राफी खुद करना चाहते हैं और म्यूजिक से लेकर कास्टिंग तक हर मामले में दखल देते हैं. फराह के मुताबिक, यह सब तब होता है जब किसी इंसान को खुद पर भरोसा नहीं होता. उन्होंने कहा कि जिन एक्टर्स को अपनी काबिलियत पर विश्वास होता है, वे डायरेक्टर और पूरी टीम के काम करने के तरीके पर भरोसा करते हैं.
शाहरुख खान ने कभी कास्टिंग पर सवाल नहीं उठाया
फराह खान ने इस दौरान शाहरुख खान का उदाहरण भी दिया. उन्होंने बताया कि फिल्म ‘मैं हूं ना’ के लिए जब उन्होंने सुष्मिता सेन को कास्ट करने की बात कही थी, तब शाहरुख ने कोई सवाल नहीं किया. उस समय सुष्मिता कोई बड़ी हीरोइन नहीं थीं, लेकिन शाहरुख ने फराह के फैसले पर भरोसा जताया. इसी तरह फिल्म ‘ओम शांति ओम’ के लिए जब फराह ने एक नई लड़की को कास्ट करने का फैसला किया, तब भी शाहरुख ने कोई सवाल नहीं किया. उन्होंने सिर्फ दीपिका पादुकोण की तस्वीर देखी और कहा कि अगर फराह को वह सही लगती हैं, तो उन्हें भी कोई परेशानी नहीं है.
शाहरुख, सलमान और अक्षय हैं आखिरी सुपरस्टार
फराह खान ने शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार और सलमान खान का उदाहरण देते हुए कहा कि ये सभी आज भी उतनी ही मेहनत करते हैं, जितनी उन्होंने अपनी पहली फिल्मों के दौरान की थी. इनमें से कुछ कलाकार तो अब पहले से भी ज्यादा मेहनत कर रहे हैं. उन्होंने सलमान खान की तारीफ करते हुए बताया कि वह कभी छुट्टी के लिए नहीं कहते और न ही रविवार को शूटिंग करने से मना करते हैं. आखिर में फराह ने कहा कि सुपरस्टार्स का दौर अब खत्म हो चुका है. शाहरुख खान, सलमान खान, अमिताभ बच्चन और अक्षय कुमार इस दौर के आखिरी सुपरस्टार हैं. जब तक ये काम कर रहे हैं, दर्शकों को इनका आनंद लेना चाहिए.




