नवंबर तो बस ट्रेलर है, बॉक्स ऑफिस पर दिसंबर में बरसेगा पैसा ही पैसा, सलमान-शाहरुख सब आ रहे

Film Releasing In December 2026: सिनेमाघरों में 5 नवंबर को रिलीज हुई रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ ने कमाई के मामले में इतिहास रच दिया. सिर्फ 14 दिनों में ये फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 1500 करोड़ के क्लब में शामिल हो गई. 6 नवंबर को सूर्या की ‘सीन’ भी रिलीज हुई, जो तकरीबन 30 करोड़ रुपये के बजट में बनी, लेकिन कमाई के मामले में ये भी बॉक्स ऑफिस पर छा गई. 13 दिनों में ये फिल्म भी 250 करोड़ के क्लब में शामिल हो गई है. हालांकि, दिसंबर का महीना एंटरटेनमेंट और बॉक्स ऑफिस दोनों ही लिहाज से और भी खास होना वाला है.
नवंबर के महीने में जहां एक तरफ सारी लाइमलाइट ‘रामायण‘ ने ही बटोरी और ‘सीन’ की भी चर्चा हुई, तो वहीं दिसंबर में एक दो नहीं बल्कि 6 ऐसी फिल्में रिलीज होने वाली हैं, जिनपर लोगों की नजरें होने वाली हैं. रिलीज के पहले से उन फिल्मों की खूब बातें हो रही हैं. ऐसे में उम्मीद लगाई जा रही है कि उन फिल्मों पर बॉक्स ऑफिस पर भी खूब पैसा बरसेगा. चलिए नजर डालते हैं दिसंबर में रिलीज हो रहीं 6 बड़ी फिल्मों पर.
मातृभूमि
महीने की शुरुआत सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ से होगी. 4 दिसंबर को ये पिक्चर थिएटर्स में दस्तक देने जा रही है. पहले ये फिल्म इसी साल अप्रैल के महीने में रिलीज होने वाली थी, लेकिन फिर इसे पोस्टपोन कर दिया गया था. लगभग 7 महीने के इंतजार के बाद ये फिल्म रिलीज हो रही है.
ईठा
‘मातृभूमि’ के साथ ही 4 दिसंबर को श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ भी रिलीज होने वाली है. श्रद्धा इसमें मशहूर लावणी डांसर विठाबाई का किरदार कर रही हैं.’छावा’ के डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर ने इसके डायरेक्शन की कमान संभाली है.
एवेंजर्स: डूम्सडे
मार्वल की फिल्मों की दुनिया दीवानी है. अब ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ रिलीज होने के लिए तैयार है. इसकी रिलीज डेट 18 दिसंबर है. हालांकि, भारत में बाकी देशों से एक दिन पहले यानी 17 दिसंबर को रिलीज होगी.
ड्यून पार्ट 3
लिस्ट में एक नाम ‘ड्यून पार्ट 3’ का भी है. टिमोथी चालमेट, जेंडाया, रॉबर्ट पैटनिसन, जेसन मोमोआ स्टारर ये फिल्म भी 18 दिसंबर को ही रिलीज होने वाली है. यानी ‘ड्यून 3’ और ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ का क्लैश होगा.
किंग
24 दिसंबर को शाहरुख खान की एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘किंग’ रिलीज होने वाली है, जिसे सिद्धार्थ आनंद ने डायरेक्ट किया है. सुहाना खान, अभिषेक बच्च, अनिल कपूर, दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, करीना कपूर और जयदीप अहलावत भी इस फिल्म में हैं.
ये भी पढ़ें-
प्रियंका चोपड़ा की बेटी मालती ने सुनाया गायत्री मंत्र, क्यूट वीडियो ने जीता फैंस का दिल
ग्लोबल मंच पर बाप-बेटे का जलवा, शाहरुख खान को मिला सम्मान, आर्यन ने TIME100 में बनाई जगह
जुमांजी: ओपन वर्ल्ड
लिस्ट में आखिरी नाम ‘जुमांजी: ओपन वर्ल्ड’ का है. इस फिल्म की रिलीज डेट 26 दिसंबर है. यानी ‘किंग’ के दो दिन बाद ये फिल्म आ रही है. इन दोनों फिल्मों के बीच भी बॉक्स ऑफिस पर भिड़ंत होगी. जेक कासडन के डायरेक्शन वाली इस फिल्म में ड्वेन जॉनसन, केविन हार्ट और निक जोनस दिखने वाले हैं. बहरहाल, इन 6 बड़ी फिल्मों को देखते हुए ये कहा जा सकता कि नवंबर तो सिर्फ ट्रेलर है, सारी बड़ी फिल्में तो दिसंबर में आ रही हैं.




