जूनियर NTR-जान्हवी कपूर की ‘देवरा’ के सैटेलाइट राइट्स बिके, रिलीज के 26 महीने बाद हुई डील

जूनियर एनटीआर, सैफ अली खान, जान्हवी कपूर और प्रकाश राज जैसे सितारों वाली फिल्म ‘देवरा: पार्ट 1’ 27 सितंबर 2024 को बड़े पर्दे पर आई थी. थिएटर में रिलीज़ होने के करीब 6 हफ्ते के बाद ही फिल्म ओटीटी प्लैटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर भी स्ट्रीम होने लगी थी. लेकिन दो साल से ज्यादा वक्त बीतने के बाद भी ‘देवरा: पार्ट 1’ छोटे पर्दे पर नहीं आ सकी. पर अब ये इंतज़ार खत्म होने वाला है. ‘देवरा’ के मेकर्स ने फिल्म के सैटेलाइट राइट्स फाइनली बेच दिए हैं. मेकर्स ने ये डील सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के साथ की है.
सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया जल्द ही अपना तेलुगू जनरल एंटरटेनमेंट चैनल लॉन्च करने वाला है. इसी चैनल पर तेलुगू के दर्शक लंबे इंतज़ार के बाद जूनियर एनटीआर की ‘देवरा: पार्ट 1’ का लुत्फ उठा पाएंगे. सैकनिल्क की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फिल्म 2027 में छोटे पर्दे पर ऑन एयर हो सकती है.
देवरा के पहले पार्ट ने कितना कमाया
देवरा का निर्देशन कोराटाला शिवा ने किया है और ये फिल्म करीब 6 साल के गैप के बाद आई जूनियर की पहली सोलो फिल्म थी. इससे पहले 2018 में उनकी सोलो फिल्म ‘अरविंद समेता वीरा राघव’ आई थी. इस बीच जूनियर एनटीआर ने आरआरआर में काम किया था, पर ये एक मल्टिस्टारर फिल्म थी. इसमें उनके साथ राम चरण भी लीड रोल में थे.
देवरा के पहले पार्ट ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 428 करोड़ रुपये की बंपर कमाई की थी. फिल्म को 142 करोड़ रुपये की ओपनिंग मिली थी. फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 351 करोड़ और ओवरसीज में 77 करोड़ रुपये का कारोबार किया था.
क्या नहीं बनेगी ‘देवरा पार्ट 2’?
देवरा पार्ट 2 को लेकर कई तरह की खबरें आ रही थीं. कुछ रिपोर्ट में दावा किया गया था कि मेकर्स ने इसके दूसरे पार्ट को बनाने का फैसला टाल दिया है. हालांकि इन दावों में सच्चाई नहीं है. इसी साल जनवरी में प्रोड्यूसर सुधाकर मिक्कीलिनेनी ने कहा था कि प्रोजेक्ट सही रास्ते पर है. हालांकि प्रोडक्शन की टाइमलाइन पर फैसला नहीं लिया गया था. उस वक्त जूनियर एनटीआर प्रशांत नील की ‘ड्रैगन’ में बिजी थे. वहीं निर्देशक कोराटाला शिवा भी नंदमुरी बालकृष्णन के प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे. उसके बाद से फिल्म पर किसी नए अपडेट का फैंस इंतज़ार ही कर रहे हैं.




