मनोरंजन

वो मुझसे ज्यादा अच्छी एक्टिंग जानती है…नवाजुद्दीन ने की बेटी शोरा की तारीफ

नवाजुद्दीन सिद्दीकी अपनी दमदार एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं. उनके हर किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया है. एक्टिंग के मामले में नवाज को हर कोई सराहता है. लेकिन अब एक्टर ने अपनी बेटी की जमकर तारीफ कर दी है. नवाज का कहना है कि उनकी 16 साल की बेटी उनसे भी ज्यादा अच्छी एक्टिंग करना जानती है. इतना ही नहीं नवाजुद्दीन ने Gen Z की भी खूब तारीफ की है. एक्टर का मानना है कि आज के बच्चे पहले के मुकाबले ज्यादा समझदार हैं, क्योंकि उन्हें दुनियाभर की चीजों को देखने और समझने का मौका मिल रहा है.

न्यूज18 से बातचीत के दौरान नवाजुद्दीन ने बताया कि आज की युवा पीढ़ी को दुनियाभर के सिनेमा को देखने का मौका मिल रहा है. इसकी वजह से उनकी समझ और आत्मविश्वास पहले के मुकाबले काफी बढ़ गया है. आइए जानते हैं एक्टर ने और क्या कुछ कहा है?

GenZ को लेकर क्या बोले नवाजुद्दीन?

नवाजुद्दीन सिद्दीक ने कहा, “मुझे लगता है कि आज की Gen Z, खासकर 15, 16, 17 और 18 साल के बच्चे बहुत समझदार हैं. उन्हें दुनिया को देखने और समझने का उतना मौका मिला है, जितना हमें कभी नहीं मिला. हम अपने माता-पिता से सवाल तक नहीं करते थे और उनसे बात करते समय उनकी आंखों में आंखें डालने की भी हिम्मत नहीं होती थी. लेकिन आज के बच्चे सीधे हमसे सवाल करते हैं. एक और बात यह है कि उन्होंने दुनियाभर का सिनेमा देखा है. आज किसी युवा ने ऐसी फिल्म भी देख रखी होगी, जो शायद आपने कभी न देखी हो.”

नवाज ने की बेटी की तारीफ

नवाजुद्दीन ने यह भी बताया कि पहले वह नई पीढ़ी की समझ को कम आंकते थे, लेकिन बेटी शोरा को फिल्मों और एक्टिंग के बारे में इतनी जानकारी रखते देख उनकी सोच बदल गई. शोरा खुद भी एक्ट्रेस बनना चाहती हैं और फिलहाल एक्टिंग सीखने के साथ परफॉर्मिंग आर्ट्स को भी समझ रही हैं. एक्टर ने खुलासा किया कि उनकी बेटी ने महज तीन-चार साल में दुनियाभर की उनसे भी ज्यादा फिल्में देख ली हैं. बता दें कि शोरा ने अपने पिता के साथ नाटक ‘नकाब’ से स्टेज पर डेब्यू किया था. दोनों ने अमेरिका के नौ शहरों में इस नाटक का मंचन किया था.

View this post on Instagram

A post shared by Nawazuddin Siddiqui (@nawazuddin._siddiqui)

नवाजुद्दीन सिद्दीकी की आने वाली फिल्में

नवाजुद्दीन सिद्दीकी आखिरी बार ‘रात अकेली है: द बंसल मर्डर्स’ में नजर आए थे. इसके अलावा वह आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना के साथ हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘थामा’ में भी दिखाई दिए. आने वाले समय में एक्टर के पास कई प्रोजेक्ट्स हैं. इनमें ‘सेक्शन 108’, ‘तुम्बाड 2’, ‘नूरानी चेहरा’ और ‘संगीन’ जैसी फिल्में शामिल हैं.

Related Articles

Back to top button