सावधान! ऑनलाइन डेटिंग पर हो सकता है ऐसा खेल, बिना मिले…बिना देखे खाली हो सकता है आपका अकाउंट

चेन्नई के एक 33 साल के सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल के साथ डेटिंग ऐप पर बड़ा धोखा हुआ है. एक ठग ने खुद को लड़की बताकर इस शख्स को अपने जाल में फंसाया और बातों-बातों में लाखों रुपये ऐंठ लिए. इस शातिर ठग ने एआई (AI) इस्तेमाल करके नकली तस्वीरें और आवाज वाले ऑडियो नोट्स तैयार किए थे, ताकि किसी को शक न हो.
अवादी साइबर क्राइम पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों के नाम जयकार्तिक राजा (29 साल, तिरुमुल्लवॉयल का रहने वाला) और मोनिका (28 साल, मायलापुर की रहने वाली) हैं. ‘मनीकंट्रोल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों ने पूछताछ में कई खुलासे किए हैं.
कैसे दिया ठगी को अंजाम?
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित की पहचान टिंडर (Tinder) ऐप पर ‘मोनिका’ नाम की एक फेक प्रोफाइल से हुई थी. दोनों ने पहले ऐप पर चैट की और फिर बातचीत व्हाट्सएप पर शिफ्ट हो गई. लगातार बातचीत होने की वजह से सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल का उन पर भरोसा बढ़ गया. जब आरोपियों को लगा कि पीड़ित पूरी तरह से उनके झांसे में आ चुका है, तो उन्होंने अलग-अलग बहाने बनाकर पैसे मांगने शुरू कर दिए. पीड़ित ने भी बिना ज्यादा सोचे-समझे थोड़ा-थोड़ा करके करीब 27 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए. लेकिन जब पैसों की मांग लगातार बढ़ती गई, तब जाकर उस शख्स को शक हुआ. उसने जब छानबीन की तो उसे समझ आया कि उसके साथ बहुत बड़ा फ्रॉड हो चुका है, जिसके बाद उसने तुरंत साइबर पुलिस से कॉनटैक्ट किया.
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी जयकार्तिक ने ही मोनिका के नाम से फर्जी टिंडर प्रोफाइल बनाई थी. पहचान असली लगे, इसके लिए उसने एआई की मदद से फोटो बदली थीं. वहीं, मोनिका ने अपने साथी के कहने पर पीड़ित को कुछ ऑडियो नोट्स भेजे थे, जिससे उस शख्स को जरा भी शक न हो कि पीछे कोई लड़का है. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपी खुद भी एक मैट्रिमोनियल साइट के जरिए मिले थे.
साइबर क्राइम इंस्पेक्टर महालक्ष्मी की अगवाई वाली पुलिस टीम ने दोनों को दबोच लिया. उनके पास से दो मोबाइल फोन, दो चेक बुक और सात क्रेडिट-डेबिट कार्ड भी बरामद किए गए हैं. पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
यह भी पढ़ें: 4800 रुपए का एक लंच, उड़ गई 7 दिन की सैलरी! मुंबई की लड़की का पोस्ट वायरल, लोग बोले- इतने में तो महीने का राशन आ जाता
इस अजीबोगरीब और डराने वाले मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग हैरान हैं. इंटरनेट पर चर्चा हो रही है कि कैसे आजकल एआई का गलत इस्तेमाल करके नकली चेहरे और आवाजें बनाई जा रही हैं. लोग खुलकर कह रहे हैं कि ऑनलाइन डेटिंग पर भरोसा करने से पहले सौ बार सोचना चाहिए और कभी भी किसी अनजान शख्स को ऑनलाइन पैसे भेजने की गलती नहीं करनी चाहिए.




