अजब-गजब

गेम का इंतजार था, लेकिन जिंदगी ने ही छोड़ दिया साथ, GTA 6 फैन Jerry Stephens की दर्दनाक मौत

GTA 6 खेलने का सपना हर गेमिंग फैन देख रहा है, लेकिन 25 साल के Jerry Stephens के लिए यह सिर्फ एक गेम नहीं, बल्कि जिंदगी से जुड़ी आखिरी उम्मीद बन गया था. Jerry चाहते थे कि वो किसी तरह अपनी बीमारी से लड़कर जिंदा रहें और 19 नवंबर को रिलीज होने वाला GTA 6 खेल सकें. उनके इस सपने ने दुनियाभर के गेमर्स को भावुक कर दिया था. हजारों लोगों ने मिलकर उनके इलाज के लिए 94 लाख रुपये से ज्यादा की रकम जुटाई थी. हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद Jerry अब इस दुनिया में नहीं रहे.

Jerry Stephens सोशल मीडिया पर ‘Void Only’ नाम से जाने जाते थे. वह एक TikTok क्रिएटर थे और लंबे समय से गंभीर इंटरस्टिशियल लंग डिजीज (Interstitial Lung Disease) से जूझ रहे थे. इस बीमारी के कारण उनके फेफड़े बुरी तरह प्रभावित हो चुके थे और उन्हें सांस लेने में काफी परेशानी होती थी. डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी जिंदगी बचाने के लिए लंग ट्रांसप्लांट की जरूरत है.

चार साल से गेमिंग कंटेंट बना रहे थे Jerry

Jerry की मौत की जानकारी उनकी बहन Paris ने सोशल मीडिया के जरिए दी. उन्होंने बताया कि Jerry ने 29 अक्टूबर को आखिरी सांस ली. उनके फेफड़ों में खून भर जाने के कारण एक गंभीर इंफेक्शन फैल गया था, जिसने उनकी हालत और बिगाड़ दी. Paris ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि हाय इंस्टाग्राम, मैं Jerry की बहन हूं. मैं उनके TikTok अकाउंट पर ज्यादा एक्टिव रहती हूं, लेकिन मुझे लगा कि यहां भी आप सभी को यह खबर मिलनी चाहिए. दुख के साथ बताना पड़ रहा है कि Jerry अब हमारे बीच नहीं रहे. उन्होंने 29 अक्टूबर को आखिरी बार सांस ली थी.

उन्होंने आगे बताया कि Jerry को लोगों से मिले प्यार और सपोर्ट ने उनके आखिरी कुछ महीनों को बेहद खूबसूरत बना दिया था. दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से लोगों ने जिस तरह उनकी मदद की, उससे वह काफी खुश थे. Paris ने कहा कि अब Jerry दर्द और तकलीफ से दूर हैं. उन्हें अब किसी संघर्ष से नहीं गुजरना पड़ेगा. परिवार इस मुश्किल समय में उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहता है, जिन्होंने Jerry के लिए दुआ की और आर्थिक मदद की. Jerry के परिवार ने उनके चाहने वालों के लिए एक खास आयोजन करने का भी फैसला किया है. Paris के मुताबिक, उनकी मां चाहती हैं कि Jerry को याद करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए एक बैलून रिलीज कार्यक्रम रखा जाए. इसमें Jerry के समर्थक भी शामिल हो सकेंगे. हालांकि, अभी इस कार्यक्रम की तारीख तय नहीं हुई है. Paris ने कहा कि जैसे ही तारीख फाइनल होगी, वह सोशल मीडिया के जरिए सभी को इसकी जानकारी देंगी.

Jerry ने अगस्त में इंस्टाग्राम पर ‘I Just Want to Play GTA 6’ नाम से एक वीडियो शेयर किया था. इस वीडियो में उन्होंने अपनी बिगड़ती सेहत के बारे में खुलकर बात की थी. उन्होंने बताया था कि उनके फेफड़े अब काम नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें ICU में भर्ती होना पड़ेगा. वीडियो में Jerry ने कहा था कि उन्हें अंदाजा था कि एक दिन यह स्थिति आएगी. उनके फेफड़े अब साथ नहीं दे रहे थे और लंग ट्रांसप्लांट होने तक उन्हें ICU में रहना पड़ सकता था.

उन्होंने लोगों से फाइनेंशियल मदद की अपील करने की बात भी कही थी. हालांकि, वह शुरुआत में डोनेशन मांगने को लेकर हिचकिचा रहे थे. उनका कहना था कि हर किसी को अपने पैसों की जरूरत होती है और वह नहीं चाहते थे कि लोग अपनी मेहनत की कमाई उन्हें देने के लिए मजबूर महसूस करें. लेकिन रिकवरी के लिए उन्हें मदद की जरूरत थी. बीमारी के बावजूद Jerry ने सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाना बंद नहीं किया था. साल 2022 से वह लगातार म्यूजिक और गेमिंग से जुड़े वीडियो पोस्ट कर रहे थे. पिछले चार सालों में उन्होंने Warframe, Marvel’s Spider-Man, Hitman और GTA 6 जैसे गेम्स पर खूब बातें की थीं.

यह भी पढ़ें: प्रदूषण का कहर देख Astrotalk कंपनी ने खोला खजाना, कर्मचारियों को दिया ऐसा गिफ्ट कि सब रह गए हैरान

Jerry की कहानी ने यह दिखाया कि गेमिंग की दुनिया सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं है. यहां अनजान लोग भी किसी की जिंदगी बचाने की उम्मीद में एक साथ खड़े हो सकते हैं. हजारों लोगों की मदद और प्यार ने Jerry के आखिरी दिनों को खुशियों से भर दिया, लेकिन अफसोस कि जिस GTA 6 को खेलने के लिए वह इतने उत्साहित थे, उसकी रिलीज से पहले ही उनका सफर खत्म हो गया.

Related Articles

Back to top button