मनोरंजन

परिवार को मनाने में आई थी काफी परेशानियां, एंटनी संग इंटरफेथ मैरिज पर कीर्ति सुरेश का खुलासा

Keerthy Suresh: एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश ने साल 2024 में अपने लंबे समय के बॉयफ्रेंड और बिजनेसमैन एंटनी थाटिल से शादी की थी. दोनों करीब 15 साल तक रिलेशनशिप में रहे थे. हाल ही में कीर्ति ने ‘कर्ली टेल्स’ के साथ बातचीत में अपनी शादी और रिश्ते से जुड़े कई खुलासे किए हैं. एक्ट्रेस ने बताया कि अलग-अलग धर्म होने की वजह से उन्हें अपने परिवार को शादी के लिए मनाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था. इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि उनकी मां और दिग्गज एक्ट्रेस मेनका को उनके रिश्ते के बारे में कैसे पता चला था.

कीर्ति ने बताया कि उनकी मां को उनके और एंटनी के रिश्ते के बारे में तब पता चला था, जब वह कॉलेज में पढ़ाई कर रही थीं. उस दौरान उनकी मां ने उनकी डायरी पढ़ ली थी, जिसमें उनके रिश्ते से जुड़ी सारी बातें लिखी हुई थीं. कीर्ति ने आगे बताया कि इस घटना के बाद उन्होंने डायरी लिखना ही बंद कर दिया था.

अलग धर्म में शादी करने के लिए परिवार को मनाना पड़ा

कीर्ति ने अपनी इंटरफेथ मैरिज यानी अलग-अलग धर्म में शादी करने को लेकर भी बात की है. उन्होंने बताया कि एंटनी ईसाई धर्म से हैं, इसलिए इस रिश्ते को लेकर उनके घर में परेशानियां हुई थीं. परिवार को शादी के लिए मनाने में उन्हें काफी समय लगा. एक्ट्रेस ने कहा, “हम दिसंबर 2009 में मिले थे और जनवरी 2010 में हमने एक-दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया था. साल 2024 में हमने शादी की. वह ईसाई हैं, इसलिए जाहिर सी बात है कि मुझे घर पर कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ा. अपने परिवार को मनाने में थोड़ा समय लगा. एंटनी ने मुझे एक्ट्रेस बनने से पहले देखा था. यह सबसे अच्छी बात है. हम दोनों एक-दूसरे के साथ बड़े हुए हैं.”

15 साल तक एक-दूसरे को किया डेट

कीर्ति सुरेश और एंटनी थाटिल की पहली मुलाकात दिसंबर 2009 में कुछ कॉमन दोस्तों के जरिए हुई थी. उस समय कीर्ति 12वीं क्लास में थीं और उनकी उम्र 17 साल थी. दोनों ने जनवरी 2010 में डेटिंग शुरू की थी. नवंबर 2024 में कीर्ति ने दिवाली के मौके पर एंटनी के साथ एक तस्वीर शेयर कर अपने रिश्ते को इंस्टाग्राम पर ऑफिशियल किया था. इसके बाद 12 दिसंबर 2024 को दोनों ने गोवा में शादी की थी.

कीर्ति सुरेश का वर्कफ्रंट

कीर्ति सुरेश हाल ही में नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘अक्का’ में नजर आई थीं. इस सीरीज में उनके साथ राधिका आप्टे, तन्वी आजमी, मोनिका पवार, अंशुमान पुष्कर, पूर्णिमा इंद्रजीत और विशाख नायर जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं.

Related Articles

Back to top button