शिक्षा

RBSE Exam 2027: राजस्थान बोर्ड 10वीं-12वीं परीक्षा की तारीख घोषित, जानें कब से शुरू होंगे एग्जाम

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने 10वीं और 12वीं कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत की तारीख घोषित कर दी है. बोर्ड के मुताबिक, परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी. सभी परीक्षाएं सुबह की शिफ्ट में आयोजित की जाएंगी. हालांकि, अभी सब्जेक्ट वाइज परीक्षा की पूरी डेटशीट जारी नहीं की गई है. बोर्ड जल्द ही सब्जेक्ट के अनुसार परीक्षा की तारीखें भी जारी करेगा.

राजस्थान बोर्ड ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए परीक्षा की तारीखों की जानकारी दी है. इसके अनुसार, कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी. सभी विषयों के पेपर सुबह की शिफ्ट में होंगे. परीक्षा सुबह 10:30 बजे से आयोजित की जाएगी. फिलहाल बोर्ड ने केवल परीक्षा शुरू होने की तारीख बताई है. सब्जेक्ट वाइज डेटशीट का इंतजार है. इसमें स्टूडेंट्स को पता चलेगा कि किस सब्जेक्ट की परीक्षा किस दिन होगी. डेटशीट जारी होने के बाद स्टूडेंट अपने विषयों के हिसाब से रिवीजन और तैयारी का टाइम टेबल बना सकेंगे.

इन बातों का रखें ध्यान

बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचना चाहिए. एडमिट कार्ड और वैलिड फोटो पहचान पत्र साथ रखना जरूरी होगा. इनके बिना परीक्षा केंद्र में एंट्री नहीं मिलेगी. मोबाइल फोन, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइज परीक्षा हॉल में ले जाने की अनुमति नहीं होगी. छात्रों को आंसर शीट्स में रोल नंबर केवल निर्धारित जगह पर लिखना होगा. आंसर शीट पूरी होने पर लास्ट पेज पर ‘समाप्त’ लिखना और खाली पन्नों पर तिरछी लाइन लगाना जरूरी बताया गया है. विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग स्टूडेंट्स को परीक्षा पूरी करने के लिए एक अतिरिक्त घंटे का समय दिया जाएगा.

मॉडल पेपर से करें परीक्षा की तैयारी

राजस्थान बोर्ड ने 10वीं और 12वीं के मॉडल क्वेश्चन पेपर भी जारी कर दिए हैं. छात्र बोर्ड की वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जाकर इन्हें डाउनलोड कर सकते हैं. वहीं, 12वीं के विद्यार्थियों के लिए आर्ट्स, साइंस, कॉमर्स और एग्रीकल्चर साइंस स्ट्रीम के अलग-अलग मॉडल पेपर जारी किए गए हैं. इनकी मदद से छात्र परीक्षा के प्रश्नों के फॉर्मेट और तैयारी के स्तर को समझ सकते हैं.

साल में दो बार होगी 10वीं की परीक्षा

राजस्थान बोर्ड ने 10वीं की परीक्षा व्यवस्था में भी बदलाव किया है. नए फैसले के मुताबिक, अब कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाएगी. इस संबंध में बोर्ड सचिव की ओर से आदेश जारी किए जा चुके हैं. इस व्यवस्था का मकसद छात्रों पर परीक्षा का दबाव कम करना है. साथ ही स्टूडेंट को अपने नंबरों में करेक्शन करने का एक और मौका मिलेगा. इससे किसी कारण से अपेक्षित नंबर नहीं ला पाने वाले स्टूडेंट्स को अपना प्रदर्शन बेहतर करने और शैक्षणिक साल बचाने में मदद मिल सकेगी.

Related Articles

Back to top button