100 से ज्यादा ऑडिशन के बाद रामायण सीरियल के लिए फाइनल हुआ था रावण का किरदार, केवट के रोल के लिए गए थे अरविंद त्रिवेदी!

TV Serial Ravana Throwback: भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी फिल्म रामायण सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. ये फिल्म कमाल का प्रदर्शन कर रही है. इसके सभी किरदारों की खूब तारीफ भी की जा रही है. लेकिन रावण के रोल में यश को सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है. कई लोग उनकी तुलना करीब 4 दशक पहले रामायण सीरियल में रावण का रोल प्ले करने वाले अरविंद त्रिवेदी से कर रहे हैं. हाल ही में अरविंद त्रिवेदी की बेटी कविता ठाकर ने भी रामायण सीरियल और उनके पिता द्वारा निभाए गए रावण के किरदार पर बात की.
उन्होंने रामानंद सागर के टीवी सीरियल रामायण पर बात की और कहा कि इस सीरियल में उनके पिता को रावण का रोल कैसे मिला. उन्होंने ऑडिशन से जुड़ी डिटेल्स शेयर कीं. साथ ही ये भी बताया कि रावण का रोल करने के बाद उनके पिता को बुरा क्यों लगता था.
100 ऑडिशन्स के बाद फाइनल हुए अरविंद त्रिवेदी
कविता ने हालिया इंटरव्यू में बताया- अरविंद त्रिवेदी जब शूटिंग सेट पर पहुंचे तो वहां ऑडिशन्स चल रहे थे. पापा वहां पर केवट के रोल का ऑडिशन करने गए थे. लेकिन रामानंद सागर ने उनसे कहा कि ये कॉस्ट्यूम पहन लो और ये डायलॉग्स बोलो. इसके बाद पापा का स्क्रीन टेस्ट हुआ. इससे पहले 100 लोगों का ऑडिशन रावण के रोल के लिए हो चुका था. लेकिन रामानंद सागर को इस रोल के लिए कोई जम नहीं रहा था. जब पापा ने अपनी स्टाइल में रावण के डायलॉग्स बोले तो उन्होंने रामानंद सागर की आंखों में एक चमक देखी. जब पापा ऑडिशन कम्प्लीट कर के निकल रहे थे तब रामानंद सागर ने उन्हें बुलाया और कहा- ‘तुम कहां जा रहे हो? फाइनली मुझे मेरा रावण मिल गया है.’
ये भी पढ़ें- TV के रावण ने गुजरात के अपने घर में बनाया था राम मंदिर, रोज दो घंटे करते थे पूजा, किस बात का लगता था बुरा?
रावण के रोल में दुखी क्यों हो जाते थे अरविंद?
कविता के मुताबिक अरविंद त्रिवेदी सीरियल में रावण का रोल पाकर काफी सरप्राइज हो गए थे. क्योंकि वे तो केवट का रोल का ऑडिशन देने के लिए गए थे. लेकिन रावण का रोल प्ले करने के दौरान अरविंद त्रिवेदी बहुत दुखी हो जाते थे. क्योंकि उन्हें अभिनय के दौरान कई दफा भगवान राम को अपमानित करना पड़ता था. भगवान राम के प्रति अटूट श्रद्धा रखने वाले अरविंद त्रिवेदी रामायण का रोल करने के बाद ग्लानि महसूस करते थे और भगवान राम से माफी मांगने के लिए घंटों उनकी पूजा करते थे.




