शिक्षा

JEE Main: IIT और IIIT में क्या है अंतर? जानें कहां मिलते हैं ज्यादा कोर्स और करियर के अवसर

JEE Main 2026 की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए इंजीनियरिंग कॉलेज का सही सेलेक्शन करना काफी जरूरी है. 12वीं के बाद ज्यादातर छात्रों का सपना IIT में एडमिशन लेने का होता है, लेकिन IIIT भी टेक्निकल एजुकेशन के क्षेत्र में एक अच्छा विकल्प है. दोनों संस्थानों में पढ़ाई, कोर्स, फीस, एडमिशन प्रक्रिया और प्लेसमेंट के अवसरों में अंतर होता है.

IIT में जहां इंजीनियरिंग के साथ कई अन्य विषयों में भी पढ़ाई और रिसर्च के अवसर मिलते हैं, वहीं IIIT का मुख्य फोकस कंप्यूटर साइंस और आईटी पर रहता है. ऐसे में कॉलेज चुनने से पहले दोनों की विशेषताएं समझना जरूरी है.

IIT क्या है और यहां कौन-से कोर्स होते हैं?

IIT यानी इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी देश के प्रमुख इंजीनियरिंग संस्थानों में शामिल हैं. इसकी शुरुआत वर्ष 1950 में खड़गपुर से हुई थी. वर्तमान में देश में कुल करीब 23 IIT हैं. इन संस्थानों में इंजीनियरिंग के अलावा साइंस, मैनेजमेंट, ह्यूमैनिटीज और रिसर्च से जुड़े विषयों की पढ़ाई भी कराई जाती है.

IIT में B.Tech, M.Tech, MBA, PhD और BS-MS जैसे कोर्स उपलब्ध हैं. यहां एक्सपीरियंस फैकल्टी, एडवांस लैब और रिसर्च की बेहतर सुविधाएं मिलती हैं. इन संस्थानों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान है. यहां पढ़ने वाले छात्रों को देश-विदेश की बड़ी कंपनियों में नौकरी के अवसर मिलते हैं. IIT की सालाना फीस औसतन 1.5 लाख रुपये तक हो सकती है.

IIIT में किन विषयों पर रहता है फोकस?

IIIT का पूरा नाम इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी है. इसकी शुरुआत 1997 में हुई थी. देश में फिलहाल करीब 25 IIIT संचालित हैं. इन संस्थानों में मुख्य रूप से कंप्यूटर साइंस, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी और इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़े विषयों की पढ़ाई होती है. यहां छात्रों को कोडिंग, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा साइंस जैसी तकनीकी स्किल्स सिखाई जाती हैं. आईटी और सॉफ्टवेयर सेक्टर में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले छात्रों के लिए IIIT अच्छा विकल्प हो सकता है. यहां सालाना फीस औसतन 80 हजार रुपये के आसपास बताई गई है.

एडमिशन प्रक्रिया में क्या है अंतर?

IIT और IIIT में एडमिशन की प्रक्रिया अलग-अलग है. IIT में एडमिशन के लिए स्टूडेंट्स को पहले JEE Main परीक्षा पास करनी होती है. इसके बाद एलिजिबल उम्मीदवार JEE Advanced में शामिल होते हैं. JEE Advanced में बेहतर रैंक के आधार पर IIT में सीट मिलती है. वहीं, IIIT में एडमिशन मुख्य रूप से JEE Main के स्कोर और रैंक के आधार पर मिलता है. इसलिए छात्रों को अपनी रैंक और पसंद के अनुसार संस्थान का चुनाव करना चाहिए.

कौन-सा संस्थान चुनना रहेगा बेहतर?

अगर आप इंजीनियरिंग के साथ रिसर्च, साइंस और दूसरे सब्जेक्ट्स में भी इंटरेस्ट रखते हैं तो IIT बेहतर विकल्प हो सकता है. वहीं, कंप्यूटर साइंस, आईटी, कोडिंग और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट में करियर बनाना चाहते हैं तो IIIT पर भी विचार कर सकते हैं. कॉलेज चुनते समय सिर्फ संस्थान का नाम नहीं, बल्कि ब्रांच, फीस, फैकल्टी और प्लेसमेंट रिकॉर्ड भी जरूर देखना चाहिए.

Related Articles

Back to top button