मनोरंजन

Ramayana Karnataka Record: ‘रामायण’ ने कर्नाटक में रचा इतिहास, धुरंधर 2, बाहुबली 2, पुष्पा 2 सबको छोड़ा पीछे

रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की देश की सबसे महंगी फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म कर्नाटक में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली नॉन-कन्नड़ (ऐसी फिल्म, जो मुख्य तौर पर कन्नड़ सिनेमा की न हो) फिल्म बन गई है. ‘रामायण: पार्ट 1’ ने ‘बाहुबली 2’ और ‘धुरंधर 2’ को भी चारों खाने चित कर दिया है. ‘रामायण’ ने कर्नाटक राज्य में तमाम भाषाओं में 155 करोड़ रुपये का कलेक्शन करके नॉन-कन्नड़ लिस्ट में पहले पायदान पर जगह बना ली है.

आमतौर पर कर्नाटक में तेलुगू और तमिल की फिल्में ही अच्छी कमाई कर पाती थीं. बॉलीवुड की फिल्मों को हमेशा ही वहां संघर्ष करते देखा गया है. साल 2010 में आई रजनीकांत की एतिरन ने वहां 8 करोड़ कमाए थे. वहीं विक्रम की साल 2015 में रिलीज हुई ‘आई’ ने कर्नाटक में 13.5 करोड़ का कलेक्शन किया था. ‘बाहुबली’ के पहले पार्ट ने थोड़ा ज्यादा कमाया, लेकिन दूसरे पार्ट ने हर किसी को हैरत में डाल दिया था. फिल्म ने 129 करोड़ कमाए थे. नॉन कन्नड़ फिल्मों में ये रिकॉर्ड सालों तक ‘बाहुबली 2’ के नाम ही रहा.

2026 में रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ ने कर्नाटक में 141 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिज़नेस कर ‘बाहुबली 2’ के सिर से ताज छीन लिया था. पर ‘धुरंधर 2’ के सिर भी नंबर 1 का ताज कम वक्त ही रह सका. अब नॉन-कन्नड़ फिल्मों में सबसे ज्यादा कमाई करने का रिकॉर्ड ‘रामायण: पार्ट 1‘ के नाम हो गया है. ये पहली नॉन-कन्नड़ फिल्म बन गई है, जिसने 150 करोड़ के आंकड़े को पार किया है. साथ ही ये कई बड़ी कन्नड़ फिल्मों के साथ कर्नाटक में टॉप 5 में भी शामिल हो गई है.

कर्नाटक में सबसे ज्यादा कमाने वाली 5 नॉन-कन्नड़ फिल्में

  1. रामायण- 2026- 155 करोड़ रुपये (अनुमानित)
  2. धुरंधर 2- 2026- 141.50 करोड़ रुपये
  3. बाहुबली 2- 2017- 129 करोड़ रुपये (अनुमानित)
  4. पुष्पा 2- 2024- 98.41 करोड़ रुपये
  5. RRR- 2022- 76.03 करोड़ रुपये

कन्नड़ फिल्मों के बीच अब ‘रामायण’ का अगला टारगेट ‘केजीएफ चैप्टर 2’ है, जिसने कर्नाटक में 182.96 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है. यश की इस फिल्म को पीछे छोड़ने के लिए ‘रामायण’ को अभी करीब 28 करोड़ रुपये और कमाने होंगे. वहीं, ऋषभ शेट्टी की ‘कांतारा’ 183.60 करोड़ और ‘कांतारा: चैप्टर 1’ ने वहां 247.48 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है.

Related Articles

Back to top button