Bulaye Chhathi Maa Song: बुलाए छठी मां…शर्वरी वाघ और आयुष्मान खुराना ने दिया सूर्य को अर्घ्य, छठ से एक दिन पहले आया गाना

Bulaye Chhathi Maa Song: आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की फैमिली एंटरटेनर फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का छठ स्पेशल गाना छठ शुरू होने से एक दिन पहले ही गुरुवार को मेकर्स ने रिलीज़ कर दिया. गाने के बोल हैं ‘बुलाए छठी मां’. गाने में ‘ये प्रेम मोल लिया’ के सभी कलाकार छठ की तैयारियां करते नज़र आ रहे हैं. वहीं शर्वरी वाघ और आयुष्मान खुराना एक नए नवेली जोड़ी की तरह सूर्य को अर्घ्य देते भी दिखाई दे रहे हैं.
‘बुलाए छठी मां’ गाना 3 मिनट 34 सेकेंड लंबा है. इसे श्रेया घोषाल और केशव आनंद ने साथ मिलकर गाया है. वहीं इसके बोल लिखे हैं मनोज मुंतशिर शुक्ला ने. गाने को हिमेश रेशमिया ने कंपोज किया है. गाने की खासियत ये है कि इसमें एक ऐसा ठहराव महसूस होता है, जिससे आपको लगेगा कि आप भी उसी घाट पर मौजूद हैं. सबकुछ नैचुरल सा लग रहा है. गाना किसी नदी नहीं, बल्कि शहर के बीचों बीच बनाए गए किसी घाट पर शूट किया गया है.
गाने में तमाम महिलाएं घाट पर रंग बिरंगे कपड़ों में बैठकर महापर्व छठ की तैयारियों कर रही हैं. त्योहार में सभी एक दूसरे की मदद कर रहे हैं. वहीं आयुष्मान खुराना सिर पर छठ पूजा की सामग्रियों से भरी टोकरी लिए दिखाई दे रहे हैं. साथ ही एक सीन में वो शरवरी को नाक से माथे तक लंबा सिंदूर भी लगाते दिखाई दे रहे हैं. गाने के अंत में आयुष्मान-शरवरी घाट में उतरकर साथ में सूर्य को अर्घ्य देते हैं, इस नजारे को देख उनकी मां इमोशनल होती दिखाई दे रही हैं.
गाने में दिख रही सूरज बड़जात्या के निर्देशन की झलक
‘ये प्रेम मोल लिया’ का निर्देशन हमेशा फैमिली एंटरटेनमेंट फिल्में बनाने वाले सूरज बड़जात्या ने किया है. सूरज बड़जात्या बड़े परिवार और उसके ताने बाने के इर्द गिर्द फिल्म बनाने के लिए ही जाने जाते हैं. सलमान खान के ‘प्रेम’ के दौर के बाद सूरज देश को आयुष्मान खुराना के तौर पर एक नया ‘प्रेम’ देने जा रहे हैं.
यहां देखें गाना…
कब रिलीज़ होगी ‘ये प्रेम मोल लिया’?
आयुष्मान और शरवरी की ‘ये प्रेम मोल लिया’ 27 नवंबर को बड़े पर्दे पर आ रही है. फिल्म को राजश्री प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाया गया है. फिल्म में अनुपम खेर, सौम्या टंडन, गीता अग्रवाल, कृष राव, श्रुति सेठ, शाद रंधावा, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा और स्वानंद किरकिरे जैसे कई कलाकार नज़र आएंगे.




