अजब-गजब

₹25 लाख कमाने वाला लड़का भी नहीं आया पसंद! लड़की ने बताई रिश्ता ठुकराने की ऐसी वजह

आज के समय में शादी के लिए सिर्फ अच्छी सैलरी या शानदार नौकरी ही काफी नहीं रह गई है. लड़का और लड़की दोनों चाहते हैं कि उनका लाइफ पार्टनर उनकी सोच, पसंद और रहन-सहन से मेल खाए. इसी बीच अरेंज मैरिज से जुड़ा एक मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. एक महिला ने शादी का रिश्ता ठुकराने की वजह बताई तो इंटरनेट पर लोगों के बीच बहस शुरू हो गई.

महिला के मुताबिक, जिस लड़के का रिश्ता उसके पास आया था, उसकी सालाना कमाई करीब 25 लाख रुपये थी. हालांकि, लड़की ने साफ कहा कि उसे लड़के की सैलरी से कोई परेशानी नहीं थी, क्योंकि वह खुद भी उतना कमा सकती है. असली दिक्कत लड़के की कुछ ऐसी उम्मीदों से थी, जिनके साथ वह अपनी जिंदगी बिताने के लिए तैयार नहीं थी.

लड़की ने क्यों ठुकराया 25 लाख का रिश्ता?

महिला ने बताया कि लड़का चाहता था कि शादी के बाद वह दिन में दो बार खाना बनाए और उसके माता-पिता के साथ एक ही घर में रहे. महिला को ये दोनों बातें मंजूर नहीं थीं. इसके अलावा उसने लड़के की लंबाई 5 फीट 8 इंच बताई और कहा कि उसे लगा कि आने वाले कुछ सालों में लड़के के बाल भी झड़ सकते हैं. महिला ने यह भी बताया कि लड़के ने खुद को मां के बेहद करीब बताया था और वह उसे ‘मम्माज बॉय’ लगी. महिला की यह पोस्ट X पर एक यूजर ने शेयर की, जिसके बाद कमेंट्स की बाढ़ आ गई. कुछ लोगों ने महिला के फैसले का समर्थन किया, तो कुछ ने उसकी पसंद और सोच पर सवाल उठाए.

एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि सोशल मीडिया पर लोग बड़ी-बड़ी बातें करते हैं और खुद को बहुत ज्यादा पसंद करने वाला बताते हैं, लेकिन असल जिंदगी में शादी के लिए तैयार किसी भी लड़के से रिश्ता जोड़ने को तैयार हो जाते हैं. वहीं, एक दूसरे यूजर ने महिला की पूरी कहानी पर ही शक जताया. उसने मजाक में कहा कि शायद लड़के की मां को महिला पसंद नहीं आई होगी और उन्होंने ही रिश्ता ठुकरा दिया होगा.

खाना बनाने की बात पर भी लोगों ने अपनी राय रखी. एक यूजर ने लिखा कि खाना तो बनाना ही पड़ेगा, आखिर हर दिन जोमैटो से खाना थोड़े ही मंगवाया जाएगा. हालांकि, कुछ लोगों ने लड़के की ईमानदारी की तारीफ भी की. एक यूजर का कहना था कि लड़के ने अपनी उम्मीदें पहले ही साफ कर दी थीं. उसके मुताबिक, महिला को ऐसे ईमानदार इंसान को सिर्फ कुछ पसंद-नापसंद के आधार पर नहीं खोना चाहिए था.

दूसरी तरफ, कई लोगों ने महिला के फैसले को सही बताया. उनका कहना था कि शादी के बाद की जिम्मेदारियां और परिवार के साथ रहने जैसे फैसले बेहद अहम होते हैं. अगर दो लोगों की सोच नहीं मिलती, तो शादी से पहले ही अलग हो जाना बेहतर है. एक यूजर ने तो लड़के की मांगों को ही गलत बताते हुए लिखा कि साल 2026 में भी किसी महिला से ऐसी उम्मीद रखना हैरान करने वाला है. उसके मुताबिक, महिला ने रिश्ता ठुकराकर बिल्कुल सही किया.

यहां देखिए पोस्ट

Related Articles

Back to top button