6 फीट लंबा, गोरा और फिट… घर संभालने के लिए पत्नी तलाश रहा शख्स, शादी के लिए शख्स ने रखी अनोखी शर्त

आज के समय में शादी और रिश्तों को लेकर लोगों की सोच तेजी से बदल रही है. अब जरूरी नहीं कि घर की जिम्मेदारी सिर्फ पत्नी संभाले और कमाने का काम पति ही करे. इसी बदलती सोच के बीच एक भारतीय शख्स ने Reddit पर अपनी शादी को लेकर ऐसी इच्छा जाहिर की है, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है. वह ऐसी महिला से शादी करना चाहता है जो घर की मुख्य कमाने वाली हो, जबकि वह खुद घर और परिवार की जिम्मेदारी संभाले.
शख्स ने Reddit के r/AskIndianWomen कम्युनिटी में अपनी बात रखते हुए पोस्ट का टाइटल लिखा, ‘ऐसी पत्नी की तलाश है जो घर का खर्च उठाना चाहती हो.’ उसने बताया कि वह भारत में ऐसी महिला से शादी करना चाहता है जो अपनी पसंद की नौकरी, करियर या बिजनेस कर सके. महिला को अपने करियर के लिए जहां जाना हो, वह जा सकती है. वहीं, घर संभालने की पूरी जिम्मेदारी वह खुद उठाने को तैयार है.
उसने साफ कहा कि उसे खाना बनाना, घर की सफाई करना, कपड़े धोना और रोजमर्रा के दूसरे घरेलू काम करने में कोई परेशानी नहीं है. उसकी इच्छा है कि पत्नी घर की मुख्य कमाने वाली बने और पैसों से जुड़े फैसले संभाले, जबकि वह घर को मैनेज करे.
बच्चे नहीं चाहता, बराबरी का रिश्ता बनाने की है इच्छा
इस शख्स ने अपनी पोस्ट में यह भी स्पष्ट किया कि वह शादी के बाद बच्चे नहीं चाहता. उसने कहा कि वह इस तरह के रिश्ते को लेकर गंभीर है और चाहता है कि उसकी शादी प्यार, सम्मान और बराबरी पर टिकी हो. उसके मुताबिक, पति-पत्नी के बीच जिम्मेदारियां बांटने का फैसला उनकी आपसी सहमति से होना चाहिए, न कि समाज की बनाई पुरानी सोच के आधार पर.
पोस्ट के एडिट में उसने अपने बारे में कुछ जानकारियां भी साझा कीं. उसने बताया कि उसकी लंबाई 6 फीट है, रंग गोरा है और शरीर से वह अच्छी तरह फिट है. उसने यह भी बताया कि उसके माता-पिता ए-क्लास सरकारी नौकरियों से रिटायर हुए हैं और उन्हें पेंशन मिलती है. हालांकि, इस रिश्ते के लिए उसकी एक शर्त भी है. वह ऐसी महिला की तलाश में है जिसकी सालाना कमाई कम से कम 12 लाख रुपये हो.
पोस्ट सामने आने के बाद Reddit यूजर्स ने अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दीं. कुछ लोगों को उसकी सोच पसंद आई. एक यूजर ने कहा कि अच्छी बात है कि अब पुरुष भी उन जिम्मेदारियों को अपनाने के लिए खुलकर आगे आ रहे हैं, जिन्हें परंपरागत रूप से महिलाओं का काम माना जाता रहा है.
हालांकि, हर कोई इस विचार से सहमत नहीं था. एक यूजर ने उससे कई सवाल पूछे. उसने पूछा कि अगर होने वाली पत्नी शादी के बाद अपना घर छोड़कर कहीं नहीं जाना चाहती और चाहती है कि पति उसके घर में आकर रहे, तो क्या वह इसके लिए तैयार होगा? क्या वह कम पैसों में घर चलाने और भविष्य के लिए बचत करने की जिम्मेदारी भी निभाएगा? क्या शादी के बाद सभी बड़े फैसले पत्नी लेगी? क्या वह पत्नी का सरनेम अपनाने को तैयार होगा? यहां तक कि शादी के खर्चों में आर्थिक योगदान देने को लेकर भी सवाल उठाए गए.

एक अन्य यूजर ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि कोविड के दौरान वह तीन महीने तक बेरोजगार था. इस दौरान उसने घर के काम संभालने शुरू कर दिए थे, क्योंकि उन्होंने घरेलू सहायिका को काम से हटा दिया था. लेकिन उसके पति ने घर के उन कामों में भी हाथ बंटाना बंद कर दिया, जिन्हें वह पहले कभी-कभी कर लिया करते थे. उनका कहना था कि अब वह घर पर ही बैठी रहती हैं, इसलिए सारे काम उन्हें ही करने चाहिए.
यह भी पढ़ें: डॉक्टर ने बताया मिस्टेक, उस गलती का खामियाजा भुगतेगी 45 साल की महिला
इस चर्चा ने एक बार फिर दिखाया कि शादी में कमाई और घरेलू जिम्मेदारियों का बंटवारा सिर्फ सोचने में आसान लगता है. असल जिंदगी में इसे बराबरी से निभाने के लिए दोनों पार्टनर का एक-दूसरे की जरूरतों, मेहनत और फैसलों का सम्मान करना भी उतना ही जरूरी है.




