Karbonn Rebel और Rebel Pro भारत में लॉन्च, 7,000mAh की बैटरी, जानें कीमत

भारतीय स्मार्टफोन बाजार में एक बार फिर Karbonn की वापसी हो गई है. कंपनी ने सोमवार को अपनी नई Karbonn Rebel सीरीज के तहत दो स्मार्टफोन Rebel और Rebel Pro लॉन्च किए हैं. दोनों फोन बड़ी बैटरी, HD+ डिस्प्ले और MediaTek प्रोसेसर के साथ आते हैं. कंपनी ने इन स्मार्टफोन की शुरुआती कीमत 11,999 रुपये रखी है. इनकी बिक्री 4 नवंबर को दोपहर 12 बजे से ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Amazon पर शुरू होगी.
Karbonn Rebel और Rebel Pro की कीमत
Karbonn Rebel और Rebel Pro दोनों की कीमत 14,999 रुपये है. हालांकि, लॉन्च ऑफर के तहत Karbonn Rebel को 11,999 रुपये और Rebel Pro को 12,499 रुपये में खरीदा जा सकेगा. इसके अलावा कंपनी 1,000 रुपये का बैंक डिस्काउंट भी दे रही है. इस छूट के बाद Rebel की कीमत 10,999 रुपये और Rebel Pro की कीमत 11,499 रुपये हो जाएगी. Karbonn Rebel को ब्लू, गोल्ड और सिल्वर रंग में पेश किया गया है. वहीं, Rebel Pro ब्लू, चेरी रेड, गोल्ड और ग्रे रंग में उपलब्ध होगा.
डिस्प्ले और प्रोसेसर
Karbonn Rebel में 6.75 इंच की HD+ LCD स्क्रीन दी गई है. यह 90Hz रिफ्रेश रेट और 650 निट्स की अधिकतम ब्राइटनेस को सपोर्ट करती है. वहीं, Rebel Pro में 6.7 इंच की HD+ LCD स्क्रीन है, जिसका रिफ्रेश रेट 120Hz और अधिकतम ब्राइटनेस 720 निट्स है.
दोनों स्मार्टफोन में MediaTek Helio G81 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है. इनमें 6GB रैम और 128GB स्टोरेज मिलती है. माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से स्टोरेज को 1TB तक बढ़ाया जा सकता है.
कैमरा और बैटरी
फोटोग्राफी के लिए Karbonn Rebel में 50MP का रियर कैमरा दिया गया है. वहीं, Rebel Pro में 64MP का रियर कैमरा और 16MP का फ्रंट कैमरा मिलता है.
बैटरी की बात करें तो Rebel में 7,000mAh की बैटरी है, जो 18W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है. Rebel Pro में 6,000mAh की बैटरी और 20W फास्ट चार्जिंग मिलती है.
Android 16 के साथ आएंगे दोनों फोन
दोनों स्मार्टफोन Android 16 पर चलते हैं. कंपनी ने दो साल तक ऑपरेटिंग सिस्टम अपग्रेड और दो साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है. इनमें IP64 रेटिंग, साइड फिंगरप्रिंट सेंसर, फेस अनलॉक, 4G, ब्लूटूथ 5.0, USB Type-C और 3.5mm हेडफोन जैक जैसे फीचर्स भी मिलते हैं.




